द्वारका जिले में 2025 में 361 अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान कर डिपोर्टेशन के लिए भेजा, नाइजीरिया और बांग्लादेश टॉप पर

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने साल 2025 में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया और कुल 361 विदेशियों की पहचान कर उन्हें डिपोर्टेशन के लिए भेज दिया। इनमें सबसे ज्यादा नाइजीरिया के 187 (21 महिला), बांग्लादेश के 82 (20 महिला, 26 बच्चे), आइवरी कोस्ट के 26 और म्यांमार के 17 शामिल हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि जिले की ऑपरेशन यूनिट्स और थानों की टीमें लगातार खुफिया जानकारी जुटाती रही। साल भर चले इस स्पेशल ऑपरेशन में एंटी नारकोटिक्स सेल ने सबसे ज्यादा 109, पीएस डाबड़ी ने 76, स्पेशल स्टाफ ने 54, पीएस उत्तम नगर ने 48, पीएस बिंदापुर ने 40, पीएस मोहन गार्डन ने 19, पीएस द्वारका सेक्टर-23 और एएटीएस ने 6-6 तथा पीएस छावला ने 3 विदेशियों को पकड़ा। ये सभी वैध वीजा के बिना भारत में ओवरस्टे कर रहे थे।

इन विदेशियों को एफआरआरओ के सामने पेश किया गया, जहां डिपोर्टेशन का आदेश हुआ और उन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। दिसंबर 2025 में भी अभियान जारी रहा और पीएस उत्तम नगर व एएटीएस टीम ने दो नाइजीरियाई मूल के अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट कराया।

डीसीपी ने बताया कि अवैध विदेशी देश के संसाधनों पर बोझ बन रहे थे, इसलिए जिले में इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। अन्य देशों से घाना (11), कैमरून (10), सेनेगल (9), लाइबेरिया (8) समेत कुल 14 देशों के नागरिक शामिल थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More