नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की अधजली लाश मिलने से सनसनी, हत्या का मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: नए साल की शुरुआत में ही राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके नरेला में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। लामपुर गांव के खेतों में एसडीएम हुड्डा के फार्म हाउस के पीछे एक 38 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर की आधी जली हुई लाश मिली। मृतक के सिर से खून बह रहा था और शरीर का कुछ हिस्सा जल चुका था। मौके से एक तसले में 500 रुपये के कुछ नोट बिना जले हुए और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, एक जनवरी 2026 की देर रात लामपुर रोड स्थित खसरा नंबर 31/12 में बने घेरे वाले मकान के अंदर यह लाश पड़ी मिली। सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच में मृतक की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के नाहरी गांव निवासी भूपेंद्र उर्फ बिनू (उम्र 38 वर्ष) के रूप में हुई। भूपेंद्र अपने भाई मनोज के साथ मिलकर ‘दक्ष प्रॉपर्टी’ नाम से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम चलाता था।

मृतक के भाई विनोद कुमार उर्फ मनोज के बयान पर नरेला थाने में बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का मानना है कि हत्यारे ने सबूत मिटाने के लिए शव को आग लगाने की कोशिश की, लेकिन पूरी तरह जल नहीं पाया। तसले में पड़े नोटों का नहीं जलना और मोबाइल का सुरक्षित मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार में रंजिश या कोई पुरानी दुश्मनी हत्या की वजह हो सकती है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज की छानबीन शुरू कर दी है और कई विशेष टीमों का गठन किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्यारों तक पहुंच बनाई जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More