धनंजय सिंह के खिलाफ FIR, सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी लाइन हाजिर; पूरा मामला जानिए
राष्ट्रीय जजमेंट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मंगलवार को FIR दर्ज करवाई गई। उन पर स्वास्तिक सिटी के लोगों को धमकाने, उनके रिश्तेदार ब्लॉक प्रमुख एवं गनर पर रोड पर अवैध कब्जा करने और मारपीट करने का आरोप है। मामले में एकतरफा कार्रवाई करने पर सुशांत गोल्फ सिटी के थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इससे पहले ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर सोमवार को कॉलोनीवासियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। दरअसल, अहिमामऊ स्थित स्वास्तिक सिटी में जौनपुर निवासी विनय सिंह की पत्नी मांडवी का प्लॉट है। यहां निर्माण कार्य चल रहा है।
पड़ोसियों का आरोप है कि विनय मेन रोड पर ईंट की दीवार उठाकर कॉलोनी का रास्ता बंद कर रहे हैं। विरोध करने पर महराजगंज के ब्लॉक प्रमुख विनय ने अपने गनर विनय व 8-10 लोगों के साथ इलाके के लोगों से मारपीट की। पूर्व सांसद धनंजय सिंह से फोन पर धमकी दिलवाई। इस दौरान रामू नाम का शख्स बेहोश भी हो गया। कॉलोनी निवासी कौशल तिवारी की तहरीर पर मंगलवार को धनंजय एवं अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
लंबे समय से चल रहा विवाद
अहिमामऊ की स्वास्तिक सिटी में रोड पर कब्जे का विवाद लंबे समय से चल रहा है। कॉलोनी के लोगों ने कई बार थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपित ब्लॉक प्रमुख ने सोमवार को 20 साल पुरानी सड़क को अपने कब्जे लेने के लिए दीवार बनानी शुरू की तो लोग विरोध में उतर आए। कुछ लोगों ने ईंटे गिरा दी।
मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाने पहुंचा तो थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह के प्रभाव में आकर ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर कॉलोनी के लोगों पर ही एफआईआर दर्ज कर ली। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो थाना प्रभारी लाइन भेजे गए और पूर्व सांसद व उनके करीबियों पर एफआईआर दर्ज की गई।
स्वास्तिक सिटी में प्लॉट का मामला
अहिमामऊ स्थित स्वास्तिक सिटी में जौनपुर के गजाधरपुर निवासी विनय सिंह की पत्नी मांडवी का 4500 वर्ग फुट का प्लॉट है। जिसमें वह निर्माण करवा रहे हैं। कॉलोनी से निकलने के लिए 20 फुट चौड़ी सड़क है। यह सड़क मांडवी के प्लॉट के बगल में है। इस सड़क पर उनके पति जौनपुर के महराजगंज के ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह की नजर है। कॉलोनी के लोगों की मानें तो वह इस सड़क पर कब्जा कर अपना परिसर बढ़ाना चाह रहे हैं।
Comments are closed.