राष्ट्रीय जजमेंट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को मुलाकात की। यह मुलाकात राजनीतिक हलकों में कई मायनों में अहम मानी जा रही है, हालांकि दोनों नेताओं ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी की मुख्यमंत्री से यह पहली औपचारिक मुलाकात मानी जा रही है। इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों और आगामी रणनीतियों को लेकर चर्चा हुई है।
सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर
मुलाकात के बाद पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। पोस्ट में उन्होंने लिखा, आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार भेंट की। संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखी जा रही मुलाकात
जैसे-जैसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे भाजपा की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी जीत की हैट्रिक लगाने के लिए संगठन को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
इसी क्रम में भाजपा ने हाल ही में केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं और कई बार सांसद रह चुके हैं।
संगठन को धार देने की तैयारी
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। संगठनात्मक बैठकों और नेताओं से संवाद के जरिए वे पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री से उनकी यह मुलाकात भी उसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, आने वाले दिनों में भाजपा संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिल सकता है।
Comments are closed.