साउथ पटेल नगर से एक्टिवा चोरी, रैपिडो बाइकर निकला चोर, स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की रंजीत नगर पुलिस टीम ने साउथ पटेल नगर इलाके में हुई होंडा एक्टिवा स्कूटी चोरी की वारदात को महज 48 घंटे में सुलझा लिया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी रैपिडो बाइक टैक्सी राइडर के तौर पर काम कर रहा था। चोरी की स्कूटी भी उसके पास से बरामद कर ली गई।

एडिशनल डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रिषि कुमार ने बताया कि 10 दिसंबर को रंजीत नगर थाने में स्कूटी चोरी की सूचना दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 9 दिसंबर की रात को उसने अपनी एक्टिवा हनुमान चौक के सामने पार्क की थी। अगली सुबह जब वह वापस आया तो स्कूटी गायब थी। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत पर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू कर दी गई। मामले को जल्द सुलझाने के निर्देश पर SHO रंजीत नगर के पर्यवेक्षण में हेड कांस्टेबल मनोहर और कांस्टेबल विकास की विशेष टीम गठित की गई, जिसकी समग्र निगरानी एसीपी पटेल नगर कर रहे थे।

जांच के दौरान वारदात स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई। फुटेज में देखा गया कि चोरी करने वाला व्यक्ति इससे थोड़ी देर पहले उसी जगह एक पैसेंजर को ड्रॉप करके गया था। पैसेंजर की पहचान कर पूछताछ की गई तो पता चला कि उसने रैपिडो बाइक टैक्सी बुक की थी। पैसेंजर ने राइडर का मोबाइल नंबर और अन्य डिटेल्स उपलब्ध कराईं।

मोबाइल नंबर की ओनरशिप और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई गई। इसके बाद आनंद पर्वत इलाके में छापेमारी कर अखिल सक्सेना उर्फ मोहन (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह रैपिडो राइडर आईडी रखता है और दोस्त की मोटरसाइकिल से बाइक टैक्सी चलाता है। वारदात वाली रात दोस्त ने बाइक देने से मना कर दिया, इसलिए उसने रात में काम करने के लिए स्कूटी चुराने का फैसला किया। उसने चोरी की स्कूटी छिपाने की जगह भी बताई, जहां से एक्टिवा बरामद कर ली गई। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More