झपटमारी गैंग का पर्दाफाश: पुलिस ने चोरी की बाइक से भागते दो बदमाश पकड़े, सोने की चेन और 8 मोबाइल रिकवर

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले की केशव पुरम थाना टीम ने सतर्क पिकेट चेकिंग के दौरान दो शातिर झपटमार-सह-ऑटो लिफ्टरों को दबोच लिया। मुख्य आरोपी नजाकत अली उर्फ भूरा उर्फ KTM (28) पहले से लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 57 मामलों में वांछित था। उसके साथी तुषार उर्फ निशु (22) नया अपराधी है। दोनों गाजियाबाद के मोदी नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, बटनदार चाकू, आठ महंगे मोबाइल फोन और एक सोने की चेन बरामद की है।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 16 दिसंबर को थाना स्टाफ एसीपी एफआर सत्येंद्र कुमार, एसएचओ केशव पुरम और एसीपी अशोक विहार आकाश रावत की निगरानी में पेट्रोलिंग पर था। इसी दौरान मुखर्जी नगर क्षेत्र में झपटमारी की सूचना मिली। शंकर चौक के पास हेड कांस्टेबल संजीव ने एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्धों को लापरवाही से चलते देखा। रोकने पर वे भाग निकले। संजीव ने तुरंत पिकेट स्टाफ को लाइव लोकेशन शेयर की। कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन पिकेट पर तैनात हेड कांस्टेबल रमेश और हेड कांस्टेबल मोहित ने मोटरसाइकिल को आते देखा। पुलिस देखकर आरोपियों ने यू-टर्न लिया और भागने लगे। दोनों पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए पीछा किया और रणनीतिक रूप से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे आरोपी गिर पड़े और पकड़े गए।

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों की पहचान नजाकत अली उर्फ भूरा और तुषार उर्फ निशु के रूप में हुई। बरामद टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल केएन काटजू मार्ग थाने की चोरी की निकली। तलाशी में बटनदार चाकू, सैमसंग S31, गैलेक्सी Z फोल्ड 04, आईफोन-15, आईफोन-16, आईफोन-15 प्रो, सैमसंग M33, A-35, A-34 जैसे आठ मोबाइल और एक सोने की चेन मिली। केशव पुरम थाने में आर्म्स एक्ट, बीएनएसएस और डीपी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे की लत पूरी करने के लिए आसान पैसा कमाने झपटमारी करते थे। एक ही दिन में कई वारदातें कीं। तीन फोन नोएडा से, एक मयूर विहार से, एक पांडव नगर से और सोने की चेन मुखर्जी नगर से झपटी। शेष की पुष्टि हो रही है। कई चोरी और झपटमारी के मामलों में संलिप्तता स्वीकारी। इनकी गिरफ्तारी से कई थानों के मामले सुलझे हैं। आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More