विवेक विहार की झुग्गी में आग लगने से एक साल के मासूम की मौत, चार साल की बहन गंभीर रूप से झुलसी

नई दिल्ली: दिल्ली के विवेक विहार क्षेत्र में एक झुग्गी में आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस हादसे में एक साल के मासूम की जलने से मौत हो गई, जबकि उसकी चार साल की बहन गंभीर रूप से झुलस गई। दोनों भाई-बहन को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था, जहां अंश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच में किसी साजिश की आशंका से इनकार किया है।

विवेक विहार थाना पुलिस को 13 दिसंबर को जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि जलने की चोटों से दो बच्चे भर्ती कराए गए हैं। इनकी पहचान अतुल पंडित के बच्चों 4 साल और 1 साल के रूप में हुई, जो राजीव कैंप झिलमिल के रहने वाले हैं। डॉक्टरों ने दोनों की एमएलसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की वजह से जलने का इतिहास दर्ज किया। बाद में अस्पताल से दूसरी सूचना आई कि अंश की मौत हो गई है।

मृतक और घायल बच्चों की मां ने पुलिस को बताया कि वह कमरे में खाना बना रही थी। दोनों बच्चे बिस्तर पर थे। गैस स्टोव और बिस्तर की दूरी करीब डेढ़ फुट थी। वह वॉशरूम के लिए बाहर गई थीं। लौटकर आईं तो बिस्तर में आग लगी हुई थी और दोनों बच्चे झुलस चुके थे। पड़ोसियों की मदद से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल परी का जीटीबी अस्पताल में इलाज जारी है। मामले की आगे की जांच चल रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More