जो लोग देश के कानून व संविधान को नहीं मानते उन्हें जनता नकार देती है: अखिलेश यादव

0
कन्नौज। भाजपा के टिकट पर भोपाल से चुनाव लड़ रहीं साध्वी प्रज्ञा पर निशाना साधते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि, जो लोग देश के कानून व संविधान को नहीं मानते उन्हें जनता नकार देती है। वहीं, 27 अप्रैल को पीएम मोदी के संभावित कन्नौज दौरे पर भी अखिलेश ने तंज कसा।
कहा कि, पांच साल में कन्नौज के विकास के लिए भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। लेकिन कन्नौजवालों को उनके धोखे से सावधान रहना चाहिए।
अखिलेश यादव ने रविवार को कन्नौज में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि, पहले व दूसरे चरण में भाजपा को पता चल चुका है कि वह कहां है। यही हाल तीसरे व चौथे चरण में होने वाला है। भाजपा के लोग बताएं कि उन्होंने कन्नौज के लिए कोई बड़ा फैसला लिया हो। कौन सी सड़क बनाई है यह बता दें। जो चल रहा था, वह सभी काम रोक दिया।
भाजपा ने मंडिया रोक दी, मंडी से नुकसान किसान का है। आलू एक किलो खरीदा हो तो बता दें, सरसों बर्बाद हो गयी। मक्के वाले दुखी हो गएं, कौन सी सुविधा दी है कन्नौज में जो जनता इन्हें वोट दे दे। समाजवादी पेंशन छीन ली, बच्चों का दूध छीन लिया बताओ ऐसी सरकार ने। बच्चों को एक दिन फल मिलते थे, वह फल छीन लिये। गरीब माताएं, बहने जिन्हें पांच सौ रूपए मिलता था वह छीन लिया। तो यह कैसी सरकार है जनता इससे नाराज है।
जनता ने भाजपा को पांच साल का मौका दिया, लेकिन सभी को निराश कर दिया, खासकर किसान, व्यापारी, छोटे दुकानदार, नौजवान, अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़े हर वर्ग के लोग दुखी हो गए हैं। पांच साल गुजार दिए दिल्ली की सरकार ने, उत्तर प्रदेश की सरकार के भी दो साल गुजर गए और
दोनों सरकारों का हिसाब किताब लगायेगी जनता। आप आंकलन करेंगे तो महंगाई बढ़ी है। भ्रष्टाचार बढ़ा है। जनता को दुख ज्यादा पहुंचाया है। इसलिए जनता लगातार भाजपा और उनकी सहयोगी दलों के खिलाफ मतदान कर रही है।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More