द्वारका में पुलिस ने लौटाई चार परिवारों की खुशियां: 12 दिन बाद गुमशुदा चार बच्चे सकुशल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले में दबरी थाना पुलिस ने मानवता की अनुपम मिसाल पेश की है। 5 नवंबर से घर से गायब हो चुके चार नाबालिग बच्चे 12 दिन बाद सकुशल अपने परिवारों से मिल गए। पुलिस की स्पेशल टीम ने सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर कई जगहों पर दबिश देकर बच्चों को बरामद किया। परिजनों के चेहरों पर बहुप्रतीक्षित मुस्कान लौट आई।

डीसीपी द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि 6 नवंबर को दो अलग-अलग परिवारों ने दबरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि उनके दो किशोर बच्चे 5 नवंबर से घर से लापता हैं। उसी दिन अन्य शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके दो बच्चे भी 5 नवंबर से गायब हैं। दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की गईं। इसके बाद एसएचओ दबरी के निर्देशन पर तुरंत स्पेशल टीम गठित की गई। टीम में एसआई दीपक, एएसआई धर्मेंद्र, एएसआई सतबीर (आईओ), हेड कांस्टेबल बंशीधर, बच्चू सिंह और राजेंद्र शामिल थे।

टीम ने रात-दिन एक करके सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के बाद आखिरकार सभी चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चों की पहचान और स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और पुलिसकर्मियों को दुआएं दीं।

डीसीपी द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि बच्चों की सुरक्षित वापसी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। इस केस में पूरी टीम ने जिस समर्पण और संवेदनशीलता से काम किया, वह सराहनीय है। दोनों केस पूरी तरह सुलझा लिए गए हैं। बच्चों से प्रारंभिक पूछताछ में घर से भागने की कोई गंभीर वजह सामने नहीं आई है। काउंसलिंग के बाद उन्हें परिवार को सौंप दिया गया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More