राष्ट्रीय जजमेंट
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में आरपीएफ कस्टडी में 35 वर्षीय संजय सोनकर की मौत हो गई थी. संजय को मालगाड़ी से सरसो के तेल के टिन चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. संजय की कस्टडी में मौत को लेकर परिजनों ने नगर कोतवाली में आरपीएफ के दो सब इंस्पेक्टर, एक सिपाही और कुछ अन्य जवानों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है. पुलिस ने तीनों को निलंबित करके लाइन हाजिर कर दिया है.संजय सोनकर के भाई राजू सोनकर ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को 11:30 बजे मेरे भाई को मोटरसाइकिल पर आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर करण सिंह यादव और सिपाही अमित कुमार यादव के साथ कुछ अन्य आरपीएफ के जवान मेरे घर किनकी थाना मोतीगंज से पूछताछ के लिए लेकर गए थे. शाम को 4:30 बजे भाई को गांव लेकर आए और बरूवाचक के दुकानदार के पास ले गए.उसके बाद संजय को वापस सफेद रंग की कार में लेकर चले गए. वहां पर ले जाकर के उसके साथ मारपीट की गई. संजय को प्राणघातक चोटें पहुंचाई गईं. अगले दिन सुबह 10 बजे जिला अस्पताल की मोर्चरी में संजय की लाश मिली. राजू सोनकर का आरोप है कि मेरे भाई की सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर करण सिंह यादव और सिपाही अमित कुमार यादव के साथ कुछ अन्य आरपीएफ के जवानों ने हत्या की है.वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज रावत ने बताया कि बुधवार को थाना कोतवाली नगर पर थाना मोतीगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किनकी के निवासी एक व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि मंगलवार को उसके भाई संजय सोनकर को आरपीएफ ने चोरी आरोप में पकड़ा था. जिसकी मौत हो गई.परिजनों का आरोप है कि ये घटना आरपीएफ द्वारा कारीत की गई है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. संजय के भाई राजू सोनकर की तहरीर पर आरपीएफ के तीन जवानों खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है. इसलिए विसरा प्रिजर्व किया गया है. मामले में उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक करण सिंह यादव तथा कांस्टेबल अमित कुमार यादव को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है.
Comments are closed.