बाथरूम में खून से लथपथ मिली दिल्ली जल बोर्ड कर्मी की लाश, गले पर चाकू का गहरा घाव

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी इलाके में सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सेक्टर-24 की एक सोसाइटी के फ्लैट के बाथरूम में दिल्ली जल बोर्ड के 59 वर्षीय कर्मचारी सुरेश कुमार राठी की लाश खून से लथपथ मिली। गले के दाहिनी तरफ चाकू का गहरा घाव देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई। मृतक के बेटे अंकुर राठी ने ही पीसीआर पर कॉल कर पिता की हत्या की सूचना दी थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को मिली पीसीआर कॉल में अंकुर ने कहा,“कॉलर के पिता का मर्डर हो गया है।” सूचना मिलते ही बेगमपुर थाने की टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि घटनास्थल पॉकेट-16, सेक्टर-24, रोहिणी की एक इमारत का पहला माला है। फ्लैट का दरवाजा अंदर से सेंट्रल लॉक था। अंकुर ने घर से चाबी लाकर ताला खोला तो बाथरूम में पिता का शव खून के पूल में पड़ा देख उसके होश उड़ गए।

अंकुर ने पुलिस को बताया कि उसके पिता दिल्ली जल बोर्ड में कार्यरत थे और मूल रूप से परिवार पॉकेट-16, सेक्टर-24 में ही रहता है। लेकिन यह फ्लैट वह कभी-कभार आया-जाया करते थे। रविवार से वह घर नहीं लौटे और फोन भी नहीं उठा रहे थे। चिंतित होकर अंकुर सोमवार दोपहर फ्लैट पर पहुंचा और यह खौफनाक मंजर देखा।

मौके पर पहुंची क्राइम टीम ने निरीक्षण में पाया कि मृतक के गले के दाहिनी तरफ चाकू से गहरा वार किया गया था, जिससे भारी खून बहा। बाथरूम की टाइल्स और दीवारों पर खून के छींटे बिखरे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पूछताछ में अंकुर से फ्लैट आने-जाने वालों की डिटेल ले रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डीसीपी रोहिणी ने बताया, “हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंच बनाई जाएगी।”

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More