अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से की भेंट, कचरा प्रबंधन पर हुई चर्चा

नई दिल्ली: भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के सहयोग से मालदीव, नेपाल सहित विभिन्न देशों के 30 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य निगम शासन और ठोस कचरा प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझना था। इस अवसर पर उपमहापौर जय भगवान यादव, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्य शर्मा, सदन के नेता प्रवेश वाही, उपाध्यक्ष सुंदर सिंह और निगमायुक्त अश्विनी कुमार मौजूद रहे।

महापौर ने कहा, “दिल्ली नगर निगम एशिया की सबसे बड़ी नगरीय निकायों में से एक है, जो 2 करोड़ लोगों को सेवाएं देता है। हम सतत विकास, जनसहभागिता और नवाचार के जरिए शासन को पारदर्शी और प्रभावी बना रहे हैं। ठोस कचरा प्रबंधन के लिए स्रोत पर पृथक्करण, वैज्ञानिक लैंडफिल, वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाएं और सामुदायिक सहभागिता जैसे कदम उठाए गए हैं।” उन्होंने अन्य देशों की प्रथाओं से सीखने की इच्छा भी जताई।

प्रतिनिधिमंडल को टाउन प्लानिंग, दिल्ली मास्टर प्लान, ऑनलाइन बिल्डिंग स्वीकृति और कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। एमसीडी अधिकारियों ने दिल्ली जैसे मेगासिटी में कचरा प्रबंधन की चुनौतियों को भी साझा किया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More