नवरात्र में दिल्ली भाजपा को मिला नया ठिकाना, PM ने किया उद्घाटन, कार्यकर्ताओं में भरा जोश

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नई दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्मित निजी कार्यालय का भव्य लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। लगभग 20,000 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति और जनसंघ काल से जुड़े 250 से अधिक बुजुर्ग नेताओं की भावुक मौजूदगी ने इस अवसर को यादगार बना दिया।

सुबह राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष की उपस्थिति में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपनी पत्नी के साथ नए भवन में प्रवेश से पूर्व हवन-पूजन किया। यह भवन, जिसका शिलान्यास 9 जून 2023 को जे.पी. नड्डा ने किया था, दिल्ली भाजपा के लिए एक लंबे समय से चली आ रही कमी को पूरा करता है। जनसंघ के समय से लेकर अब तक पार्टी के पास अपना निजी कार्यालय नहीं था, जिसे कार्यकर्ता एक कमी के रूप में महसूस करते थे।

लोकार्पण समारोह में मंच के सामने बैठे जनसंघ काल के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए यह पल भावुक कर देने वाला था। कई बुजुर्ग नेताओं की आंखों में आंसू छलक आए, जबकि हजारों कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यकर्ताओं ने इसे “दिवाली से पहले दिवाली” जैसी खुशी बताया। समारोह में केंद्रीय मंत्रियों पियूष गोयल, एस.पी.एस. बघेल, सांसदों मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, प्रवीन खंडेलवाल, दिल्ली सरकार के मंत्रियों प्रवेश साहिब सिंह, कपिल मिश्रा सहित कई दिग्गज मौजूद रहे।

45 साल की कमी पूरी  

दिल्ली में जनसंघ से लेकर भाजपा तक की 45 साल की यात्रा में कार्यकर्ताओं को हमेशा एक निजी कार्यालय की कमी खलती थी। प्रधानमंत्री मोदी के हाथों हुए इस लोकार्पण ने इस कमी को पूरा कर दिया। वर्तमान दिल्ली भाजपा की टीम, जिसमें संगठन महामंत्री पवन राणा, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग और अन्य पदाधिकारी शामिल हैं, के लिए यह गौरव का क्षण रहा।

मंच पर दिग्गजों का जमावड़ा  

समारोह में राष्ट्रीय पदाधिकारी बी.एल. संतोष, बैजयंत जय पांडा, अरुण सिंह, विनोद तावड़े, दुष्यंत गौतम, अनिल बलूनी, ओमप्रकाश धनखड़ के साथ-साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, मनोज तिवारी, आदेश गुप्ता और वरिष्ठ कार्यकर्ता वेदव्यास महाजन, ओ.पी. बब्बर, जगदीश मुखी, रामभज, श्याम लाल गर्ग, लाल बिहारी तिवारी जैसे दिग्गज शामिल हुए।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More