मुखर्जी नगर में डकैती का मामला सुलझा, दो आदतन अपराधी गिरफ्तार

पुलिस ने लूटा हुआ मोबाइल, आधार कार्ड और ऑटो बरामद किया; दोनों आरोपियों का तीन डकैती मामलों में पुराना रिकॉर्ड

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने मुखर्जी नगर में हुए एक सनसनीखेज डकैती मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अमर सिंह (26) और विक्रम (21) के रूप में हुई है। दोनों झरोदा के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल फोन, आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा बरामद किया है। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें तीन डकैती के मामले शामिल हैं।

उत्तर-पश्चिम जिला के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि 27 सितंबर की सुबह करीब 5:10 बजे की है। गांधी विहार निवासी प्रीतम कुमार ने आरबीटीबी हॉस्पिटल से अपने घर जाने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया। रास्ते में ऑटो चालक अमर सिंह ने अपने साथी विक्रम के साथ मिलकर रास्ता बदल लिया और शाह आलम बंध रोड की ओर ले गया। जब प्रीतम ने विरोध किया तो दोनों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। ऑटो चालक मोबाइल और ऑटो लेकर फरार हो गया, लेकिन प्रीतम ने हिम्मत दिखाते हुए राहगीरों की मदद से विक्रम को मौके पर ही पकड़ लिया। पीसीआर कॉल मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और मामले को दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखर्जी नगर थाने की एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने इंस्पेक्टर राजीव शाह और एसीपी सुरेश चंदर खुंगा के निर्देशन में काम किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, स्थानीय मुखबिरों से जानकारी जुटाई और तकनीकी निगरानी के जरिए दूसरे आरोपी अमर सिंह को धर दबोचा। अमर के पास से लूटा हुआ मोबाइल और आधार कार्ड बरामद हुआ, जबकि वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी उनकी निशानदेही पर जब्त किया गया।

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि अमर सिंह और विक्रम आदतन अपराधी हैं। अमर सिंह पहले दो डकैती मामलों में शामिल रहा है, जबकि विक्रम का एक डकैती मामले में पुराना रिकॉर्ड है। दोनों ने आसान पैसे की लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक कनेक्शनों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More