यूपी में 10 हजार महिलाएं ओवरी कैंसर से पीड़ित, डॉक्टर बोले- पेट में गैस-सूजन, भूख में कमी को नजरअंदाज न करें

राष्ट्रीय जजमेंट

लखनऊ : यूपी में करीब 10 हजार महिलाएं ओवरी के कैंसर से मुकाबला कर रही हैं. 75 से 80 में एक महिला को ओवरी के कैंसर की आशंका रहती है. जिन महिलाओं के पेट में गैस, सूजन, भूख में कमी व वजन घटना या बार-बार यूरीन की दिक्कत है, उन्हें संजीदा रहने की जरूरत है. यह ओवरी (अंडाशय) की गंभीर बीमारी के लक्षण हैं. ओवरी का कैंसर भी हो सकता है. लिहाजा लक्षण नजर आने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लें. इसमें कोताही सेहत पर भारी पड़ सकती है.यह सलाह केजीएमयू सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने दी. वह शनिवार को शताब्दी भवन के तीसरे तल पर आयोजित जागरुकता कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे.महिलाएं छिपाती हैं बीमारी : सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग के डॉ. नसीम अख्तर ने कहा कि ने शर्म और झिझक की वजह से महिलाएं बीमारी छिपाती हैं. यही वजह है कि 20 से 30 प्रतिशत महिलाएं पहली व दूसरी स्टेज में अस्पताल आ रही हैं. करीब 70 फीसदी महिलाएं तीसरे या चौथे स्टेज में अस्पताल आ रही हैं. उन्होंने कहा कि कैंसर को इलाज व हौसले से हराया जा सकता है.बीच में इलाज छोड़ना घातक : डॉ. नसीम ने कहा कि छह से आठ माह के इलाज के बाद काफी मरीज सामान्य जीवन जीने लगते हैं. लेकिन डॉक्टर की सलाह पर पूरे इलाज की जरूरत है. बीच में इलाज छोड़ना घातक है. इलाज पूरा होने के बाद शुरुआत में तीन-तीन माह पर डॉक्टर की सलाह लें. उसके बाद हर छह माह में फालोअप जरूरी है. इस दौरान डॉक्टर की सलाह पर जरूरी जांच कराएं.इलाज में सरकार कर रही मदद : डॉ. नसीम ने कहा कि कैंसर का इलाज महंगा जरूर है, लेकिन इलाज के सस्ते विकल्प भी हैं. लिहाजा इलाज कराएं. सरकार भी मरीजों के इलाज में आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है. आयुष्मान, विपन्न, असाध्य, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री राहत कोष योजनाओं का संचालन हो रहा है. लिहाजा पैसे के अभाव में इलाज बंद करना विकल्प नहीं है.मरीजों को दिए गए ग्रीन कार्ड : डॉ. समीर गुप्ता ने कहा कि कैंसर छूने या साथ में खाना खाने से नहीं फैलता है. कैंसर मरीजों से सामान्य लोगों जैसा ही बरताव करें. इस मौके पर मरीजों ने इलाज के अनुभव साझा किए. डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मरीजों को ग्रीन कार्ड बांटे गए. इस कार्ड की मदद से मरीज ओपीडी में आसानी से डॉक्टर की सलाह पा सकेंगे.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More