पीएम मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी: दिल्ली में बीजेपी का 11 जिलों में प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां हीराबेन के लिए कथित अभद्र टिप्पणी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने 11 संगठनात्मक जिलों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के आह्वान पर ये प्रदर्शन प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित हुए, जिसमें सांसद, विधायक, निगम पार्षद और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और मां के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों को माफ न करने का संकल्प लिया।

यह विवाद बिहार में कांग्रेस-राजद की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में हुई कथित टिप्पणियों से भड़का, जहां पीएम मोदी और उनकी मां पर आपत्तिजनक बयान दिए गए। भाजपा ने इसे पूरे देश में फैलने वाला मुद्दा बनाया है। दिल्ली में प्रदर्शन के अलावा, बिहार में एनडीए ने इसके विरोध में आज सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक बंद का आह्वान किया, जो आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर चली। पीएम मोदी ने खुद एक रैली में कहा, “मेरी मां को कांग्रेस के मंच से गाली दी गई”, जिससे मामला और गरमा गया। विभिन्न राज्यों जैसे त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए और पुतला दहन किया।

चांदनी चौक में जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग के नेतृत्व में सदर थाना चौक पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल, विधायक अशोक गोयल और सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे, शाहदरा में दीपक गाबा के नेतृत्व में मधुबन चौक लक्ष्मी नगर पर प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अभय वर्मा, संजय गोयल और अनिल गोयल समेत भारी संख्या में लोग रहे, करोल बाग वीरेंद्र बब्बर के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क के सामने सांसद बांसुरी स्वराज, राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह और हजारों कार्यकर्ता, नई दिल्ली में विधायक सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में डिफेंस कॉलोनी कोटला चौक नारायणा मंदिर पर विधायक नीरज बसोया, अनिल शर्मा और जिलाध्यक्ष रविंद्र चौधरी रहे, दक्षिणी दिल्ली में माया सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एमबी रोड रतिया मार्ग संगम विहार पर सांसद रामवीर सिंह बिधूरी, जिला प्रभारी जय प्रकाश और आदित्य झा, महरौली में रवींद्र सोलंकी के नेतृत्व में भूलभूलैया के पास जिला प्रभारी राजीव बब्बर, नजफगढ़ में राज शर्मा गौतम के नेतृत्व में पुलिस चौकी द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन पर सांसद कमलजीत सहरावत, केशवपुरम में अजय खटाना के नेतृत्व में जिला प्रभारी योगेश आत्रे, विधायक राजकुमार भाटिया, तिलक राम गुप्ता और करनैल सिंह, बाहरी दिल्ली में रामचंद्र चावरिया के नेतृत्व में मंगोलपुरी में जिला प्रभारी रमेश सोखंदा और नवीन शाहदरा में मास्टर बिनोद कुमार के नेतृत्व में जिला कार्यालय पर सांसद मनोज तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष लता गुप्ता और विक्रम बिधूरी मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह केवल एक मां का अपमान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का अपमान है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More