मंडोली जेल में गैंगस्टर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली: दिल्ली की मंडोली जेल नंबर 15 में कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी ने शनिवार सुबह कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, त्यागी का शव सुबह नियमित गश्त के दौरान बैरक में चादर के सहारे फंदे से लटका पाया गया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सलमान त्यागी पर हत्या, रंगदारी, अवैध हथियार और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) जैसे गंभीर आरोप थे। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी था और नीरज बवाना व लॉरेंस बिश्नोई जैसे गैंग्स के लिए काम कर चुका था। पिछले साल उसने जेल से ही पश्चिम दिल्ली के दो व्यापारियों से 50 लाख रुपये की उगाही के लिए गोली चलवाने की साजिश रची थी।

जेल प्रशासन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश। पुलिस अधिकारी ने बताया, “हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। यह समझना जरूरी है कि त्यागी को फांसी लगाने के लिए चादर जैसे साधन कैसे उपलब्ध हुए।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों के बाद ही आत्महत्या के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट चित्र सामने आएगा। फिलहाल, यह मामला दिल्ली पुलिस और जेल प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More