एनएसयूआई अध्यक्ष के खिलाफ एबीवीपी का दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रदर्शन, पुतला फूंका

नई दिल्ली : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार शाम दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में ओडिशा एनएसयूआई अध्यक्ष उदित प्रधान का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ओडिशा में 19 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में उदित प्रधान के आरोपी होने के विरोध में किया गया। एबीवीपी ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में संगठन ने एनएसयूआई पर महिला सशक्तिकरण के नाम पर पाखंड करने का आरोप लगाया। डॉ. सोलंकी ने कहा, “एनएसयूआई दिखावे में महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन हकीकत में यह संगठन महिलाओं के शोषण में लिप्त है। यह घटना न केवल एक छात्रा के साथ अन्याय है, बल्कि पूरे छात्र समुदाय के विश्वास के साथ धोखा है। हम तब तक चुप नहीं बैठेंगे, जब तक आरोपी को कठोर सजा नहीं मिलती।”

ज्ञात हो कि ओडिशा में दुष्कर्म का यह मामला सामने आने के बाद एबीवीपी ने देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किए हैं। संगठन ने मांग की है कि मामले की त्वरित जांच हो और दोषी को कड़ी सजा दी जाए। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया और एनएसयूआई के खिलाफ नारेबाजी की।

एबीवीपी ने एनएसयूआई पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे संगठनों का “पाखंडी चेहरा” उजागर होना चाहिए। संगठन ने छात्र समुदाय से अपील की है कि वे इस तरह की घटनाओं के खिलाफ एकजुट हों और महिलाओं के सम्मान और न्याय के लिए आवाज उठाएं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More