पुलिस ने अवैध ईंधन चोरी के रैकेट का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आउटर डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल टीम ने मंगोलपुरी क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के टैंकरों से अवैध रूप से ईंधन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 12 लीटर चोरी किया गया डीजल, 25 लीटर पेट्रोल और ईंधन निकालने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

आउटर डिस्ट्रिक्ट के उपायुक्त सचिन शर्मा के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रियता बढ़ाई गई थी। इसी कड़ी में डीएसटी, इंस्पेक्टर विक्रम के नेतृत्व में और एसीपी नेकी राम लांबा की निगरानी में काम कर रही थी। 3 जुलाई को गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि मंगोलपुरी के ट्रक मार्केट में कुछ लोग आईओसीएल के ट्रकों से पेट्रोल और डीजल चुराकर उसे काले बाजार में बेचने के लिए प्लास्टिक कंटेनरों में भर रहे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित की गई, यह टीम मंगोलपुरी के मजार रोड के पास पहुंची और रणनीतिक ढंग से निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद, पुलिस ने देखा कि तीन लोग एक ट्रक के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त थे। ट्रक का मैनिफोल्ड बॉक्स खुला था, और उसके जरिए ईंधन निकाला जा रहा था। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान गोण्डा निवासी 20 वर्षीय छेदी राम मौर्य, प्रेम नगर निवासी 41 वर्षीय सुरेंद्र सिंह और मंगोलपुरी निवासी 28 वर्षीय बाबू लाल पासवान के रूप में हुई। मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन ड्रम बरामद किए, जिनमें से एक में 12 लीटर डीजल और दो में 25 लीटर पेट्रोल था। इसके अलावा, ईंधन चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले कई प्लास्टिक कंटेनर और उपकरण भी जब्त किए गए।

चूंकि बरामद पदार्थ अत्यंत ज्वलनशील थे, इसलिए तत्काल इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन को सूचित किया गया। आईओसीएल के टर्मिनल मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर बरामद ईंधन के नमूने लिए और उनकी जांच के बाद पुष्टि की कि यह पेट्रोल और डीजल है। नमूनों को सत्यापन के लिए हस्ताक्षरित किया गया, और जब्त किए गए ईंधन के कंटेनरों को सील कर पुलिस हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह काले बाजार में ईंधन बेचकर मुनाफा कमा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के अन्य साथियों और इस अवैध व्यापार से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More