आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर अभाविप ने दिल्ली विश्वविद्यालय में पुतला दहन कर दर्ज किया विरोध

नई दिल्ली: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने 1975 में लागू आपातकाल की 50वीं बरसी पर गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के मॉरिस चौक पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आपातकाल का पुतला दहन कर संगठन ने लोकतंत्र के सबसे काले अध्याय की स्मृतियों को याद करते हुए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया।

अभाविप ने 1975 के आपातकाल को असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक करार देते हुए इसे ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में चिह्नित किया। संगठन के अनुसार, तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार ने आपातकाल के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को कुचल दिया था, जिसके खिलाफ अभाविप ने देशव्यापी संघर्ष किया था। इस संघर्ष में संगठन के हजारों कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया गया था। इसी परंपरा को कायम रखते हुए अभाविप प्रत्येक वर्ष 25 जून को आपातकाल के खिलाफ प्रदर्शन करता है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला और मॉरिस चौक पर आपातकाल का पुतला दहन किया। अभाविप के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि, 25 जून हर भारतीय के लिए काला दिन है। यह हमें उस समय की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की क्रूर एवं तानाशाही नीतियों का स्मरण कराता है। अभाविप ने उस समय भी इस ‘आपातकाल’ को लोकतंत्र के काले अध्याय के तौर पर इसके विरुद्ध देशव्यापी संघर्ष किया था और आज भी इसकी क्रूर स्मृतियों को जीवंत रखने के लिए हर वर्ष 25 जून को आपातकाल दिवस मनाता है। इस क्रम में आज हमने दिल्ली विश्वविद्यालय में पुतला दहन कर लोकतंत्र की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपने संकल्प को मजबूत किया।

अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री शिवांगी खरवाल ने कहा कि,”आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था, जिसने देश को एक व्यक्ति की सत्ता-लालसा के अधीन कर दिया। प्रेस की स्वतंत्रता से लेकर आम नागरिक की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तक, सब कुछ कुचल दिया गया था। अभाविप ने तब भी लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष किया और आज भी यह संगठन युवाओं को संविधान की मूल भावना से जोड़ने का काम कर रहा है। यह विरोध केवल एक स्मृति नहीं, बल्कि भविष्य के लिए चेतावनी है कि जब-जब लोकतंत्र को चुनौती मिलेगी, अभाविप सबसे आगे खड़ा मिलेगा।”

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा,”1975 का आपातकाल केवल एक राजनीतिक घटना नहीं थी, वह इस देश की आत्मा पर प्रहार था। न्यायपालिका को पंगु बनाया गया, प्रेस को सेंसर किया गया और इसका विरोध करने वालों को जेलों में ठूँस दिया गया। उस दौर में अभाविप ने बिना भय के इसके खिलाफ संघर्ष किया था। आज जब आपातकाल की 50वीं बरसी आ चुकी है, तब यह आवश्यक हो जाता है कि हम नई पीढ़ी को उन संघर्षों से अवगत कराएं ताकि भविष्य में कोई भी सत्ता संविधान से ऊपर न हो सके। अभाविप का यह संकल्प है कि वह न केवल अतीत को स्मरण में रखेगा, बल्कि हर स्तर पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए सक्रिय रहेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More