दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अभाविप का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा मांग-पत्र

नई दिल्ली: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय परिसर में प्रशासन की कथित छात्र-विरोधी और लापरवाह नीतियों के खिलाफ एक विशाल प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन के बाद अभाविप के एक प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

अभाविप ने इस प्रदर्शन के जरिए कई अहम मुद्दों को उठाया, जिनमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति का पूर्ण कार्यान्वयन, स्नातक कार्यक्रमों में शोध वर्ष (चौथा वर्ष) शामिल करना, परास्नातक पाठ्यक्रमों में “वन कोर्स, वन फीस” नीति लागू करना, प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता, केंद्रीकृत हॉस्टल आवंटन प्रणाली, एससी/एसटी/ओबीसी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति में बढ़ोतरी और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए माइंडफुलनेस सेंटर की स्थापना शामिल हैं।

अभाविप दिल्ली के प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने प्रदर्शन के दौरान कहा, “दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन अब पूरी तरह से छात्र-विरोधी हो गया है। यह विश्वविद्यालय छात्रों का शोषण कर रहा है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में देरी के कारण छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हमने आज इन नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और कुलपति से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।”

उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभाविप हमेशा से छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया, जिससे परिसर में तनावपूर्ण माहौल देखा गया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More