दिल्ली सरकार की बड़ी योजना, यमुना में पहली बार चलेगा क्रूज

नई दिल्ली: दिल्ली चुनाव में बड़ा सियासी मुद्दा रही यमुना नदी को पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। रेखा गुप्ता की अगुवाई वाली दिल्ली की नई सरकार ने सत्ता संभालते ही यमुना के उत्थान के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। यमुना नदी अब सिर्फ सफाई और पर्यावरण के मुद्दों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अब यह टूरिज्म का नया केंद्र बनने जा रही है। दिल्ली सरकार ने यमुना के सौंदर्यीकरण और टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नदी पर क्रूज सर्विस शुरू करने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत वजीराबाद बैराज से जगतपुर के बीच नदी क्रूज सेवा शुरू की जाएगी, जिससे न सिर्फ दिल्ली वालों को नया अनुभव मिलेगा, बल्कि यमुना की रौनक भी बढ़ेगी।

दिल्ली सरकार ने यमुना के पुनरुद्धार और पर्यटन को बढ़ाने के मकसद से वजीराबाद बैराज से लेकर जगतपुर तक छह किलोमीटर लंबे जलमार्ग को विकसित करने का फैसला किया है। यह टूरिज्म रिवर क्रूज सर्विस राजधानी के लोगों और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण साबित होगी।

क्रूज सेवा सोनिया विहार से शुरू होकर जगतपुर तक जाएगी और यात्रियों को करीब 7-8 किलोमीटर की रोमांचक यात्रा का अनुभव मिलेगा। इसके अलावा, क्रूज के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, फ्लोटिंग जेटी और तट सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा।

दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम ने इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक और सोलर हाइब्रिड बोट्स चलाने के लिए ऑपरेटर की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए कोटेशन हेतु अनुरोध जारी किया गया है। यह क्रूज सेवा पर्यावरण के अनुकूल होगी और स्थायी जल परिवहन के रूप में भी काम करेगी।

यह प्रोजेक्ट को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से पूरा किया जाएगा।

दिल्ली की जनता के लिए यह खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं है। जल्द ही लोग यमुना में क्रूज की सवारी कर सकेंगे और दिल्ली के इस ऐतिहासिक जलमार्ग को नए अंदाज में देख सकेंगे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More