गांडेय सीट पर कल्पना सोरेन के टक्कर में उतरी मुनिया देवी, समझिए समीकरण

राष्ट्रीय जजमेंट

झारखंड विधानसभा चुनाव की 81 सीटों पर 2 चरणों में मतदान होना है। जिनमें से पहला फेज 13 नवंबर और दूसरा फेज 20 नवंबर को होगा। वहीं 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से एक सीट गांडेय विधानसभा सीट है। इस बार गांडेय विधानसभा सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। यह राज्य की हाई प्रोफाइल सीट है। जिस पर 20 नवंबर 2024 को मतदान होना है।

जेएमएम ने कल्पना सोरेन को बनाया प्रत्याशी

झारखंड की गांडेय विधानसभा सीट से हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन चुनावी मैदान में हैं। वह झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। इस साल हुए उपचुनाव में भी कल्पना सोरेन ने जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा के दिलीप वर्मा को शिकस्त दी थी। कल्पना सोरेना झामुमो की स्टार प्रचारक मानी जाती हैं। वहीं कल्पना सोरेन को टक्कर देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मुनिया देवी पर भरोसा जताया है। झारखंड में भाजपा और आजसू साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।
झामुमो का गढ़ है गांडेय सीट

गांडेय विधानसभा की सीट को झारखंड मुक्ति मोर्चा का गढ़ भी माना जाता है। साल 1977 में यह विधानसभा सीट अस्तित्व में आई थी। तब से लेकर अब तक झामुमो इस सीट पर 6 बार जीत हासिल कर चुकी है। जबकि कांग्रेस पार्टी ने दो बार जीत हासिल की है। साल 1977 में जनता पार्टी के लक्ष्मण स्वर्णकार ने इस सीट से जीत हासिल की थी। फिर साल 1985 में पहली बार जेएमएम ने पहली बार इस सीट पर झंडा गाड़ा था। जेएमएम के सालखन सोरेन इस सीट पर 4 बार विधायक रह चुके हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव

बता दें कि साल 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान गांडेय सीट से झामुमो के सरफराज अहमद ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में सरफराज को कुल 64,795 वोट मिले थे। तो वहीं भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जय प्रकाश वर्मा 56,116 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More