दक्षिण कन्नड़ में नक्सल प्रभावित मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की तैनाती होगी

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज

निर्वाचन आयोग ने कर्नाटक के समुद्र तटीय दक्षिण कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए नक्सल प्रभावित मतदान केंद्रों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं राज्य सशस्त्र बल की विशेष तैनाती करने का फैसला किया है।
इस उद्देश्य से इन क्षेत्रों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की पांच कंपनियां एवं राज्य सशस्त्र बल की दो कंपनियां तैनात की जाएंगी। दक्षिण कन्नड़ लोकसभा क्षेत्र के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मंगलूरु के उपायुक्त मुल्लई मुहिलान एवं मंगलूरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल तथा दक्षिण कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक रिष्यंथ ने यहां एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

मंगलूरु के पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने बाद में ‘पीटीआई भाषा’ से विशेष बातचीत में कहा, ‘‘26 अप्रैल को यहां होने वाले मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है और शहरी क्षेत्र में संवेदनशील मतदान केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की दो कंपनियां एवं राज्य सशस्त्र बल की एक कंपनी की भी तैनाती की जायेगी।’’

दक्षिण कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक रिष्यंथ ने बताया कि इस लोकसभा क्षेत्र के नक्सल प्रभाव की आशंका वाले 18 इलाकों की पहचान की गयी है और वहां केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की तीन कंपनियां एवं राज्य सशस्त्र बल के नौ प्लाटून की तैनाती की जायेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More