नई दिल्ली: दिल्ली के साउथ ईस्ट जिले के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने के स्टाफ ने 3.224 किग्रा गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान 24 वर्षीय खुंजामयुम और वासिल खुर्शीद के रुप में हुई है। दोनों के पास से क्रमशः 2.130 किग्रा और 1.094 किग्रा गांजा बरामद किया गया है। दोनों ही इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्र हैं।
साउथ ईस्ट जिले के डीसीपी राजेश देव ने बताया कि बीते शुक्रवार को गश्त के दौरान बीट स्टाफ ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान 24 वर्षीय खुंजामयुम निवासी इम्फाल पश्चिम मणिपुर और वासिल खुर्शीद निवासी गोपालगंज, बिहार के रुप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के पास से 3.224 किग्रा गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पंजाब के भटिंडा स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ रहे थे। दोनों 20 दिन पहले गांजा बेचने के लिए दिल्ली आए थे, जिसे खुंजा मणिपुर से लेकर आए थे। दोनों ने गांजा बेचने के लिए तैमूर नगर में कमरा किराए पर लिया था।
डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने खुलासा किया है कि दोनों इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंतिम वर्ष के छात्र हैं, उन्होंने मणिपुर से 8-10 किलोग्राम गांजा खरीदा था । इसमें से कुछ पंजाब में बेच दिया और शेष बचा गंजा को दिल्ली में बेचने की कोशिश कर रहे थे।
Comments are closed.