कुर्सी जाने के डर से कराई भाजपा नेता की हत्या, कांग्रेस नेता समेत 11 गिरफ्तार
राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के नेता असीम राय की हत्या के आरोप में कांग्रेस नेता और पखांजूर नगर पंचायत के अध्यक्ष समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिसके लिए अध्यक्ष भाजपा नेता को जिम्मेदार मान रहा था।
कुर्सी के लिए लड़ाई ही इस हत्या की वजह बनी। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस महीने की सात तारीख को पखांजूर कस्बे में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष असीम राय की हत्या के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता और नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली (57), कांग्रेस पार्टी के पार्षद विकास पाल (47) और जितेंद्र बैरागी (37) समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पटेल ने बताया कि असीम राय पर गोली चलाने वाला विकास तालुकदार फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सात जनवरी को पखांजूर के पुराना बाजार इलाके में असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।
Comments are closed.