राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज
आसमान में घना कोहरा छाने के कारण विजिबिलिटी में कमी आई है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत पूरा उत्तर भारत ठंड की गिरफ्त में है। देश के कई राज्यों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने भी इस बीच घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में ठंड को देखते हुए स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है। विजिबिलिटी में गिरावट आने के कारण कई ट्रेन और फ्लाइट के रूट में भी बदलाव हुआ है।
कोहरे के कारण ट्रेनों के संचालन पर असर देखने को मिला है। मंगलवार को दिल्ली में 26 ट्रेन देरी से आई है। दिल्ली पहुंचने वाली ट्रेनों में कई एक्सप्रेस ट्रेनें भी देरी से चली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देरी से आई ट्रेनों में भोपाल-निजामुद्दीन, बेंगलुरु-निजामुद्दीन, भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी, रानीकमलापति भोपाल-नई दिल्ली, हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस शामिल है।
बढ़ती ठंड का असर फ्लाइट के संचालन पर भी पड़ा है। घना कोहरा होने के कारण फ्लाइट की उड़ान में देरी देखने को मिल रही है। देश के कई हवाईअड्डों पर उड़ानों को रद्द किया गया है। कई उड़ानों को डायवर्ट भी किया गया है।
ठंड के कारण कई राज्यों में स्कूलों को बंद करने के निर्देश जारी हुए है। जानकारी के मुताबिक ठंड और घने कोहरे के कारण जनहित में जारी निर्देशों के मुताबिक सभी बोर्ड से मान्यताप्राप्त स्कूलों को छह जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए गए है। इस आदेश का सभी स्कूलों को कड़ाई से पालन करने को कहा है। दिल्ली, राजस्थान और जम्मू कश्मीर में भी ऐसे ही आदेश दिए गए है।
दिल्ली में भी इन दिनों भीषण ठंड का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। इस कारण स्कूलों को बंद करने के आदेश छह जनवरी तक जारी किए गए है। सर्दियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। इससे पहले नवंबर के महीने में भी स्कूल बंद किए गए थे जो कि प्रदूषण के कारण बंद हुए थे।
Comments are closed.