कांग्रेस ने प्रियंका को सुंदर चेहरे के चलते राजनीति में उतारा: BJP मंत्री विनोद नारायण झा

0
पटना। बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता विनोद नारायण झा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को लेकर विवादास्पद बयान दिया। झा ने कहा, ”प्रियंका गांधी बहुत सुंदर हैं।
मुझे इसके अलावा उनमें कोई प्रतिभा नहीं दिखी। कांग्रेस ने प्रियंका को सुंदर होने के चलते राजनीति में उतारा। लेकिन चुनाव में इसका कोई फायदा नहीं होने वाला।”
भाजपा नेता ने कहा, ”प्रियंका की उम्र  42 साल से अधिक है, लेकिन उन्होंने राजनीति में कुछ खास नहीं किया। वह तो नौसिखिया हैं। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि सुंदर चेहरे पर वोट नहीं मिलने वाला।”
कांग्रेस नेता और एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि इस तरह का बयान दर्शाता है कि भाजपा नेता की मानसिकता विकृत है। ये कुंठित लोग हैं। ऐसे बयान देने से पहले विनोद नारायण को अपने परिवार की महिलाओं के बारे में सोचना चाहिए। भाजपा के नेताओं ने महिलाओं के प्रति सम्मान सीखा ही नहीं। ऐसी टिप्पणी भाजपा के लोग ही कर सकते हैं।
जदयू नेता और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने विनोद नारायण झा की आलोचना की। चौधरी ने कहा कि यह बयान उचित नहीं है। शब्दों के चयन में सावधानी बरतनी चाहिए। किसी के संबंध में इस तरह से कमेंट करना ठीक नहीं है।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने गुरुवार को कहा था कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने से भाजपा को फायदा होगा। उत्तरप्रदेश में सपा और बसपा ने कांग्रेस को दरकिनार कर दिया। कांग्रेस प्रियंका को राजनीति में लाकर भाजपा को नहीं बल्कि सपा और बसपा को डरा रही है।
उन्होंने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा का मामला अब चर्चा में आ जाएगा। प्रियंका किसकी पत्नी हैं? वह रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं। रॉबर्ट वाड्रा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। वह तो रॉबर्ट वाड्रा की प्रतिनिधि बनकर आ रहीं हैं।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More