दिल्ली के तीनों कूड़े के पहाड़ों को समय सीमा के भीतर किया जाएगा समाप्त- डॉ शैली ओबरॉय

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम के वार्ड 1 नरेला स्थित पुरानी अनाज मंडी में मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय एवं डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने लोगों की‌ समस्याएं सुनीं। मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि अनाज मंडी के स्थानीय व्यापारियों ने अपनी समस्या बताई है। व्यापारियों ने लीज पूरी होने के बाद मंडी के प्लाटों को फ्री होल्ड कराने का निवेदन किया है। निगम एक्ट के अनुसार जो भी कानून सम्मत कार्रवाई होगी वो की जायेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विश्वस्तरीय शिक्षा मॉडल एवं मोहल्ला क्लिनिक स्थापित किए हैं। जिनकी प्रशंसा पूरे विश्व में हो रही है। इसी मॉडल से प्रेरणा लेते हुए हम निगम के स्कूलों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर बनाएंगे। एमसीडी में आप की सरकार आने के बाद साफ सफाई के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। दिल्ली के तीन क्षेत्रों में स्थित कूड़े के पहाड़ों को हटाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। समयबद्ध तरीके से इन्हें पूर्णत: समाप्त कर दिया जाएगा। पिछले 15 वर्ष में जो कार्य नहीं हुए वो कार्य अब होंगे।

उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारी दिल्ली नगर निगम की रीढ़ हैं। हम कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कर्मचारी अपनी समस्या लेकर किसी भी समय हम से मिल सकते हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने हम पर दोबारा विश्वास जताया है, जिसके लिए हम उनके आभारी हैं। हम विश्वास दिलाते हैं कि पूर्ण तत्परता से जनता की भलाई के कार्य करेंगे तथा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। आप के निगम पार्षद दिन रात जनता की भलाई के लिए कार्य कर रहे हैं।

आले मोहम्मद इकबाल ने कहा कि हम दिल्ली के कोने कोने में जाकर जनता की समस्या सुन उनका समाधान करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे विधायक एवं पार्षद मिलकर जनता की तत्परता से सेवा कर रहे हैं। हम सब जनप्रतिनिधि चाहे वो विधायक हों या निगम पार्षद हम सीएम अरविंद केजरीवाल जी के सिपाही हैं। हम जनता के सेवक हैं एवं जनता की परेशानी को अपनी परेशानी मानते हैं। अरविंद केजरीवाल के जनहितैषी कार्यों पर पूरे देश की नजर है। वार्ड नंबर 1 नरेला को पांच साल में असलियत में भी 1 नंबर बना कर दिखाएंगे। इस अवसर पर नरेला के विधायक शरद चौहान, पार्षद श्वेता कमल खत्री, दिनेश भारद्वाज, नेहा मिश्रा, नरेला के उपायुक्त वीर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More