आगरा में एक महिला ने युवक और उसके परिवार पर लव जिहाद का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने खुद को हिंदू बताकर दोस्ती की। इसके बाद उसे बंधक बनाकर निकाह किया। जबरन बच्चे पैदा किए फिर मारपीट के बाद तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। बाद में पता चला आरोपी कई लड़कियों का जीवन इसी तरह बर्बाद कर चुका है। उसने थाना रकाबगंज में तहरीर दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश पर थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना रकाबगंज क्षेत्र रहने वाली महिला ने बताया कि साल 2017 में उसके पास एक नंबर से मिस कॉल आई। बात करने पर फोन करने वाले ने खुद का नाम राजा बताया और हिंदू होने की जानकारी देते हुए दोस्ती करने को कहा। उसके द्वारा मना करने के बाद भी लगातार फोन आते रहे और धीरे-धीरे दोस्ती हो गई। इसके बाद राजा उसे एक दिन बालूगंज स्थित अपने घर ले गया। परिवार से मिलने पर पता चला की राजा हिंदू नहीं है। विरोध करते हुए संबंध खत्म करने की बात कही तो आरोपी राजा खान ने उसे पकड़ कर बंधक बना लिया और मौलवी को बुला लिया। आरोपी ने मौलवी से निकाह पढ़वा कर जबरन निकाहनामे पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद घर में कैद रखकर उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।
राजा ने जबरन बच्चा भी पैदा करवाया। पीड़िता को एक दिन घर में काम करते समय कुछ सबूत मिले, जिससे पता चला की राजा खान कई लड़कियों के साथ इसी तरह का काम कर उनकी जिंदगी खराब कर चुका है। राजा लव जिहाद के मिशन पर है। पीड़िता ने जब राजा से इस बाबत बात की तो पूरे परिवार ने उसे बुरी तरह पीटा और तीन बार तलाक बोल कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने हिम्मत करके थाना रकाबगंज में प्रार्थना पत्र दिया। सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण में गई। न्यायालय के आदेश पर थाना रकाबगंज पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
Comments are closed.