दिल्ली पुलिस ने बिजनेसमैन से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले ड्राइवर को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के रानी बाग और राजा पार्क थाने की पुलिस ने गैंगस्टर नीरज बवानिया गैंग का सदस्य बताकर बिजनेसमैन से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। इस घटना का मास्टरमाइंड बिजनेसमैन का पूर्व ड्राइवर और उनके एक सहयोगी को भी पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिजनेसमैन का पूर्व ड्राइवर 29 वर्षीय आनंद और उनका दोस्त 22 वर्षीय अजय के रुप में हुई है। दोनों गांव सलाहपुर माजरा डबास, दिल्ली के निवासी हैं।

आउटर जिले के डीसीपी हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती 16 और 18 अप्रैल को मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया दिल्ली और कुंडली में कारोबार करने वाले एक व्यवसाई के पास नीरज बवानिया गैंग के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की कॉल आई थी। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर रानी बाग थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान, जबरन वसूली की फोन कॉलों की निगरानी की गई, जिसमें यह पाया गया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को रिठाला चौक पर पैसे सौंपने के लिए बुलाया था। इसके अलावा, दुश्मनी के पहलू का भी विश्लेषण किया गया। साथ ही व्यवसायी के पूर्व कर्मचारियों पर भी निगरानी की जा रही थी। कॉल करते समय कॉल करने वाले के शब्दों के विश्लेषण से परिचित पैटर्न का पता चला, जिससे टीम को व्यवसाई के पूर्व ड्राइवर तक पहुंचने में मदद मिली।

डीसीपी ने बताया कि इसके बाद छापेमारी की गई और व्यवसाई के पूर्व ड्राइवर आनंद को गिरफ्तार कर किया गया। पूछताछ में आनंद ने बताया कि नीरज बवानिया गैंग के नाम पर शिकायतकर्ता को व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उससे एक करोड़ रुपये की उगाही की साजिश रची थी। उसके दोस्त अजय ने पीड़ित को रंगदारी के लिए फोन किया था। इसके बाद अजय को भी गिरफ्तार कर लिया गया और अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। मामले आगे की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More