स्टंट के दौरान युवक के जबड़े के आर-पार हुआ सरिया, डॉक्टरों ने बचाया
लखनऊ। गोमती नगर इलाके में जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर दो के पास गुरुवार को स्टंट करते वक्त तीन युवक बाइक पर अपना नियंत्रण खो बैठे।
बाइक पर सबसे पीछे बैठा युवक उछलकर सर्किल की ग्रिल में लगे सरिया के ऊपर जा गिरा।18 सेमी लंबा सरिया उसके जबड़े के आरपार हो गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने गर्दन के पास से सरिया काटकर उसे ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी सर्जरी की गई। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके दो साथियों को भी चोटें आई हैं।
-
गोमती नगर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह ने बताया कि कैसरबाग के रहने वाले मोहम्मद कोनिन, मोहम्मद सारिक और मोहम्मद हसन बाइक से दयाल पैराडाइज की ओर से जा रहे थे। सारिक बाइक चला रहा था। इस दौरान वे स्टंट करने लगे। इनकी बाइक की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटा थी।
-
करीब दो घंटे चली सर्जरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तभी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक को चला रहे लड़के ने ब्रेक लगाया। तभी सबसे पीछे बैठा कोनिन उछलकर ग्रिल पर जा गिरा। सरिया उसके जबड़े के आरपार हो गया।
-
केजीएमयू में सर्जरी विभाग के डॉक्टर समीर मिश्र ने बताया कि ऑपरेशन बेहद मुश्किल था। मुंह में सरिया घुसने की वजह से उसे बेहोश करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में उसकी नाक में ट्यूब डालकर बेहोश किया गया। करीब दो घंटे तक टीम ने मुश्किल ऑपरेशन किया।