प्रधानी में हार की भरपाई के लिए बैंक में चोरी की रची थी साजिश

महराजगंज। पुरन्दरपुर पुलिस ने समरधीरा में बैंक चोरी कांड का पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बैंक चोरी की घटना को लेकर पूछताछ में मुख्य आरोपित ने बताया कि पिछले प्रधानी चुनाव में वह अपने समर्थित प्रत्याशी को चुनाव जिताने के लिए कई लाख रुपया खर्च किया था, लेकिन समर्थित प्रत्याशी चुनाव हार गया। इससे वह कुंठित हो गया था। हार से नुकसान की भरपाई के लिए ही वह अपने साथी के साथ बैंक में चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस कार्यालय में गुरुवार को एसपी प्रदीप गुप्ता ने समरधीरा बैंक लूटकांड का खुलासा किया। बताया कि 16 व 17 सितंबर की रात पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा स्थित नगर सहकारी बैंक में नकब काटकर गैस कटर से बैंक का लॉकर तोड़कर चोरी की गयी थी। इस मामले में पुरन्दरपुर पुलिस ने धारा 457, 380 आईपीसी के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रहे थे। एसपी ने बताया कि गुरुवार को पुरन्दरपुर थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर बैंक चोरी में शामिल दुर्गेश यादव व सुनील कुमार निवासी ग्राम हरैया रघुवीर थाना पुरंदरपुर मनिकौरा-सिसवनिया मोड़ तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 12 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस व एक प्लास्टिक के थैले मे रखे 2400 रुपया के सिक्के बरामद हुए। घटना में प्रयुक्त गैस कटर, रबर पाइप एवं गैस सिलेण्डर व रेगुलेटर को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट का अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय चालान कर दिया गया।

पुलिस की इस टीम ने किया खुलासा
समरधीरा के नगर सहकारी बैंक में नकब लगाने के बाद गैस कटर से बैंक का लॉकर तोड़ने वाली घटना का पुरन्दरपुर थाना के प्रभारी निरीक्ष्रक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में एसआई वीरेन्द्र बहादुर राय, विवेक कुमार, विनीत कुमार यादव, हेड कांस्टेबिल राणा प्रताप, कांस्टेबिल मनीष पटेल, सुरेन्द्र यादव ने पर्दाफाश किया। एसपी ने पुलिस टीम को शाबासी दी।

सुनिल कुमार,संवाददाता, राष्ट्रीय जजमेंट

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More