जिला पंचायत चुनाव : बागपत में फिर हुआ सत्ता की हनक का खेला

आर जे न्यूज़

यूपी के बागपत जनपद में एक बार फिर से बड़ा राजनीतिक उलटफेर हो गया है। यहां रालोद प्रत्याशी ममता का नामांकन वापस हुआ तो रालोद नेताओं में खलबली मच गई। रालोद नेताओं का दावा है कि ममता बागपत में है ही नहीं, फिर नामांकन वापस कैसे लिया। रालोद नेता कलक्ट्रेट की ओर रवाना हो गए हैं। वहीं मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

वहीं रालोद विधायक और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में हंगामा कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ममता की जगह कोई और महिला नामांकन पत्र ले गई है। रालोद कार्यकर्ताओं ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि ममता तो राजस्थान में हैं। कोई और महिला उनके नाम पर उनका पर्चा वापस ले गई है। वहीं अब बागपत में भी भाजपा का निर्विरोध प्रत्याशी चुना जाना तय है।

पहले भी हो चुका राजनीतिक उलटफेर
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में शनिवार को नामांकन से पूर्व बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला था। रालोद की प्रत्याशी ममता ने सवेरे ही भाजपा का दामन थाम लिया। सांसद के साथ सोशल मीडिया पर उनके फोटो वायरल हुए तो रालोद नेतृत्व सकते में आ गया था। इससे विपक्ष के पास कोई प्रत्याशी नहीं रह गया। किरकरी से बचने के लिए रालोद नेता पूरी ताकत के साथ डैमेज कंट्रोल में जुट गए। चंद घंटे बाद ही ममता अपने पति जयकिशोर के साथ रालोद के जिला कार्यालय पहुंच गईं।

रालोद प्रत्याशी ममता ने अपने पति जयकिशोर के साथ पत्रकारों के समक्ष आरोप लगाया कि कुछ भाजपा नेता फर्जी मुकदमे दर्ज कराने की धमकी देकर उन्हें जबरन सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह के यहां ले गए थे। वे किसी तरह वहां से निकलकर पार्टी कार्यालय आए हैं। वह हमेशा रालोद के सिपाही रहे हैं, भविष्य में भी रहेंगे। इस दौरान जयकिशोर फूट-फूटकर रो पड़े। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक वीरपाल राठी आदि रालोद नेताओं ने उन्हें किसी तरह संभाला।

उन्हें भरोसा दिलाया कि पार्टी हर वक्त में उनके साथ है। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ममता का नामांकन कराने कलक्ट्रेट पहुंचे थे। नामांकन उनके प्रस्तावकों ने दाखिल कराया था। वह पार्टी नेताओं के साथ कलक्ट्रेट के बाहर मौजूद रहीं | इससे पहले सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुई बबली देवी ने नामांकन दाखिल किया था। उनके साथ हाल ही में सपा से निष्कासित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओंकार यादव की मौजूदगी ने सभी को चौंका दिया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More