एकतरफा प्यार: सिरफिरी लड़की से बचने के लिए डेढ़ साल तक बाहरी राज्यों में छुपता रहा, घर वापस आने पर हुआ हमला

आर जे न्यूज़-

एक लड़की बुटीक संचालक पर इस कदर फिदा हुई कि शादी करने की जिद पर अड़ गई। जब बात सिरे नहीं चढ़ी तो उसने अपने भाइयों से बुटीक मालिक पर हमला करवा दिया। एकतरफा दीवानगी में ये खौफनाक वारदात पंजाब के जालंधर में हुई। सिरफिरी लड़की से बचने के लिए बुटीक संचालक करीब डेढ़ साल तक बाहरी राज्यों में छुपता रहा। जब उसे लगा कि लड़की अब समझ गई होगी और सब ठीक हो गया होगा तो वह घर लौट आया। इसका पता चलते ही लड़की के भाई ने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसकी गर्दन पर चाकू मार दिया। अब पुलिस ने आरोपी लड़की, उसके भाई और दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जालंधर के मनजीत नगर निवासी जयराज (34) ने बताया कि वह दो साल पहले पक्का बाग में बुटीक चलाता था। उसके साथ बस्ती दानिशमंदा की एक लड़की भी काम करती थी। एक दिन उसे पता चला कि वह लड़की खुद को उसकी पत्नी बता रही है। ग्राहकों से जब उसने यह बात सुनी तो उसने लड़की से इस बारे में पूछा। लड़की ने कहा कि कोई बात नहीं, तू मुझसे शादी कर ले। यह सुनकर उसे झटका लगा। उसने शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की शादी के लिए अड़ी रही।

मामला पुलिस के पास पहुंचा तो वह घबराकर जम्मू और फिर हिमाचल चला गया। करीब डेढ़ साल बीत जाने के बाद यह सोचकर कि अब तो लड़की के  दिमाग से शादी का भूत उतर गया होगा, वह घर लौट आया। घर लौटने के बाद जब वह दिलबाग नगर में बर्गर खाने के लिए गया तो वहां लड़की का भाई अपने दो दोस्तों को लेकर बाइक आया और उन्होंने उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। खून निकलने लगा तो वह जमीन पर गिर पड़ा। इस पर आरोपी वहां से भाग गए।

हमले का पता चलते ही उसका भाई तुरंत उसे अस्पताल लेकर गया और भर्ती कराया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ बस्ती बावा खेल थाने में मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ गगनदीप सिंह सेखों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Also read-देवता शेला ब्रह्मा पहुंचे उपायुक्त के द्वार, कहा – मंदिरों के बंद होने से देवता नाराज हो गए हैं, इसके गंभीर परिणाम भुगतने को तैयार रहे

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More