6 फरवरी के 3 घंटे देशव्यापी चक्का जाम में किसान जाम में फंसे लोगों को भोजन करायेगे

केंद्र के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर करीब ढाई महीने से आंदोलन कर रहे किसानों ने 6 फरवरी को 3 घंटे के लिए देशव्यापी चक्का जाम करने का ऐलान किया है। आंदोलकारी किसानों ने ऐलान किया है कि ये चक्का जाम दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में होगा और इस दौरान जाम में फंसे लोगों की भोजन-पानी देकर किसान उन्हें कृषि कानूनों की हकीकत बताएंगे।

चक्का जाम के बारे में बताते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 6 फरवरी को तीन घंटे का ‘चक्का जाम’ होगा। यह दिल्ली में नहीं बल्कि दिल्ली के बाहर हर जगह होगा। इसमें फंसे लोगों को खाना और पानी दिया जाएगा।

हम उन्हें कृषि कानूनों की हकीकत समझाएंगे और बताएंगे कि सरकार हमारे साथ क्या कर रही है।इस दौरान भारत में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में विदशी हस्तियों के बयानों पर राकेश टिकैत ने कहा कि हॉलीवुड कलाकारों के किसानों के आंदोलन का समर्थन करने में कोई बुराई नहीं है। टिकैत ने कहा, “मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, लेकिन वे बिना किसी अपेक्षा के समर्थन कर रहे हैं। अगर संयुक्त किसान मोर्चा ने उन्हें धन्यवाद दिया है तो किसान यूनियन भी ऐसा ही करेगी।”

बता दें कि केंद्र के विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर दो महीने से ज्यादा समय से जारी किसान आंदोलन कर रहे संगठनों की अगुवाई कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने 1 फरवरी को फैसला लिया था कि 6 फरवरी को किसान देशभर में चक्का जाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय किसान यूनियन (आर) के बलबीर सिंह राजेवाल ने बताया कि 6 फरवरी को देशव्यापी आंदोलन होगा। हम दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सड़कों पर जाम करेंगे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More