गाड़ियों के फास्ट टैग अनिवार्यता को लेकर यूपी की जनता को बड़ी राहत, 15 फरवरी तक फास्ट टैग बनवाना अनिवार्य

यूपी में गुरुवार रात से लागू होने वाली फास्टैग व्यवस्था की डेडलाइन अब 15 फरवरी कर दी गई है। सरकार के इस फैसले ने वाहन चालकों को बड़ी राहत दी है। दरअसल, पूर्व आदेश के अनुसार, एक जनवरी से सभी वाहन चालकों के लिए फास्टैग अनिवार्य कर दिया गया था लेकिन इस व्यवस्था में आ रही दिक्कतों को देखते हुए सरकार ने अब डेडलाइन बढ़ा दी है।

दरअसल, फास्टैग व्यवस्था लागू करने के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के फैसले से स्थानीय अधिकारी दुविधा में थे। उनका कहना था कि टोल प्लाजा पर 40 प्रतिशत तक टैक्स की राशि अब भी नकद आ रही है। कहीं कैमरों की, तो कहीं नेटवर्क की दिक्कत भी बनी हुई है। ऐसे में टोल वसूली की पूरी व्यवस्था को कैशलेस करना आसान नहीं होगा।

बुधवार को विभिन्न टोल प्लाजा पर स्थिति का जायजा लिया। कई जगहों पर कैमरे वाहनों पर लगे फास्टैग को ठीक से स्कैन नहीं कर पा रहे थे। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एनएन गिरि ने बताया कि कैशलेस व्यवस्था लागू करने में कुछ समस्याएं आ सकती हैं।

कैमरे उन्हीं फास्टैग को स्कैन नहीं कर पा रहे हैं, जिन्हें अगले शीशे के मध्य भाग में लगाने के बजाय दाएं-बाएं लगाया हुआ है। इस समस्या से निपटने के लिए सभी टोल प्लाजा पर हैंडहेल्ड मशीनें भी दी जा रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More