सब इंस्पेक्टर राशिद खान और पंकज साहू के साथ नोएडा में कुछ बदमाशों ने मारपीट कर दी , मारपीट के दौरान राशिद खान ने अपनी सर्विस रिवाल्वर निकाली तो बदमाश लड़कों ने उनकी रिवाल्वर लूट ली और मौके से फरार हो गए, हमलावर लड़कों की संख्या 5 से 6 बताई जा रही है, नोएडा पुलिस का कहना है कि हमलावर लड़के मध्यप्रदेश के दोनों सब इंस्पेक्टरों पर किसी लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे थे,
क्योंकि हमलावर फरार हो गए हैं, इसलिए लड़ाई का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, स्टेट साइबर सेल में तैनात दोनों सब इंस्पेक्टर एक जांच के सिलसिले में नोएडा गए हुए थे, उन्हें सेक्टर-18 स्थित एक निजी बैंक से डिटेल लेनी थी।
सब-इंस्पेक्टर खान ने कहा, “हम दोनों साइबर क्राइम के मामले में एक आरोपी की बैंक की डिटेल के बारे में पूछताछ करने के लिए सेक्टर 18 के प्राइवेट बैंक में आए थे. जब हम बैंक से बाहर जाने लगे तो बीच रास्ते में कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और उन दोनों से उलझ गए. मामला मारपीट तक पहुंच गया. मैंने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाली, लेकिन संदिग्धों ने बंदूक छीन ली और मौके से भाग गए.”
वहीं, DCP का कहना है कि इस मामले में अभी कुछ चीजें साफ नहीं हो पा रही हैं. अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि वह किस साइबर अपराध के मामले की जांच कर रहे थे. इसी के साथ दूसरे सब-इंस्पेक्टर साहू के पास भी अपनी लाइसेंस रिवाल्वर थी, लेकिन घटना के वक्त उन्होंने इसका इस्तेमाल क्यों नहीं किया? नोएडा पुलिस ने कहा कि वे इस मामले की जांच सभी एंगल से कर रहे हैं और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 392 के तहत लूट का मामला दर्ज कर लिया है.
Comments are closed.