आगरा : पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर कार सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां, 3 गोली लगी, हालत गंभीर

0
आगरा में थाना सिकंदरा के गांव अकबरा मार्ग स्थित सिल्वर एस्टेट कॉलोनी के बाहर गुरुवार शाम कार सवारों ने पूर्व ब्लाक प्रमुख राजवीर सिंह (55) पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। एक गोली सीने में और दो गोली पेट में मारी। एक और फायर किया, जो लगा नहीं।
इसके बाद हमलावर कार से फरार हो गए। आरोप गांव के ही रिंकू सिकरवार पर है। हमले में पूर्व ब्लाक प्रमुख गंभीर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है। हमले के पीछे जमीन का विवाद और चुनावी रंजिश सामने आई है।
थाना सिकंदरा के गांव अकबरा निवासी राजवीर सिंह अछनेरा ब्लॉक के वर्ष 2000 से 2005 तक ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। वह फतेहपुर सीकरी से बसपा के पूर्व विधायक सूरज पाल के भतीजे भी हैं। उनके छोटे भाई सत्यवीर के बेटे अजय ने बताया कि ताऊ जमीनों की खरीद फरोख्त करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से अकबरा गांव मार्ग पर सिल्वर एस्टेट कॉलोनी की प्लाटिंग की है।
गुरुवार शाम को सात बजे अपने साझीदार गोपाल भदौरिया और अशोक प्रधान के साथ कॉलोनी में बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी एक फोन आने पर बाहर निकल आए। यहां पर गांव अकबरा निवासी रिंकू सिकरवार कार से अपने दो साथी के साथ आया।
आरोप है कि रिंकू ने कार से उतरने के बाद फायरिंग शुरू कर दी। पहले तीन गोली मारीं, इसके बाद चौथी गोली भी चलाई। मगर, वह लगी नहीं। राजवीर सिंह के लहूलुहान होकर गिरते ही आरोपी भाग गए। सीओ हरीपर्वत एएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि रिंकू सिकरवार पर गोली मारने का आरोप है। जमीन विवाद में गोली मारने की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वह फरार हो गए हैं।
मच गई अफरातफरी 
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास अफरातफरी मच गई। मार्ग पर वाहन भी रुक गए। बाद में अन्य लोग पहुंच गए। तब तक हमलावर भाग गए। इसके बाद राजवीर सिंह को अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उनको आईसीयू में भर्ती किया गया है।
सीसीटीवी कैमरे में हमलावरों की फुटेज
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि कॉलोनी के अंदर वारदात के लिए आधा घंटे पहले हमलावर आ गए थे। उनकी कार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में आ गई है। इसमें रिंकू सिकरवार नजर आ रहा है। पुलिस अब फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास में लगी है।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More