नशे की लत पूरी करने के लिए चाबियों के गुच्छे से स्कूटी चुराने वाला गिरफ्तार, भीड़भाड़ वाले बाजारों में करता था जेबकतरी

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिले की सराय रोहिल्ला थाना पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग सफल ऑपरेशनों के तहत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ऑटो-लिफ्टिंग, झपटमारी और जेबकतरी की वारदातों में शामिल एक शातिर अपराधी और दो नाबालिगों को दबोचा है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान सागर शर्मा (22) निवासी ईस्ट मोती बाग, सराय रोहिल्ला के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की 3 होंडा एक्टिवा स्कूटी और विभिन्न इलाकों से चुराए/छीने गए 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस प्रभावी कार्रवाई से पुलिस ने सराय रोहिल्ला, कोतवाली और करोल बाग सहित दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज झपटमारी, वाहन चोरी और जेबकतरी के 11 गंभीर मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि पहली घटना के तहत 14 मई को सराय रोहिल्ला थाने में एक ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि 13-14 मई की दरमियानी रात को उसकी होंडा एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई है। मामले के खुलासे के लिए सराय रोहिल्ला के एसएचओ इंस्पेक्टर विकास राणा के पर्यवेक्षण और एसीपी हरिवंश के मार्गदर्शन में बाढ़ की चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर नीरज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल संदीप, अमित, रामबाबू, संजीव और कांस्टेबल सुमेर शामिल थे।

जांच टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें एक लड़का स्कूटी चुराकर भागता दिखा। स्थानीय खुफिया जानकारी और गुप्त मुखबिरों की मदद से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 14 मई की देर शाम आरोपी सागर शर्मा को ओल्ड रोहतक रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की दो स्कूटी और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी सागर ने कबूल किया कि वह ड्रग्स का आदी है और उसने चाबियों के गुच्छे का इस्तेमाल कर यह स्कूटी चुराई थी। वह भीड़भाड़ वाले बाजारों में सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल की जेबकतरी करता था और उन्हें राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देता था। वह पिछले 5-6 सालों से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है।

दूसरी घटना के तहत 14 मई को ही सुबह करीब 06:30 बजे सराय रोहिल्ला थाने में बंदरवाला पार्क के पास सुबह की सैर पर निकली एक महिला से मोबाइल झपटमारी की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश के लिए इंस्पेक्टर जगमोहन के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अमित, रामबाबू और कांस्टेबल दीपक की दूसरी टीम बनाई गई।

इस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्नैचर्स के आगे और पीछे के करीब 5 किलोमीटर के रूट को ट्रैक किया। फुटेज में दो संदिग्ध लड़के स्कूटी पर भागते दिखे। जब उस स्कूटी का जिपनेट के माध्यम से सत्यापन किया गया, तो वह भी सराय रोहिल्ला थाने से चोरी की पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर 18 मई को ओल्ड रोहतक रोड से दोनों किशोरों को दबोच लिया और उनके पास से चोरी की स्कूटी बरामद कर ली।

पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिगों ने खुलासा किया कि वे शराब पीने के आदी हैं और स्कूल ड्रॉपआउट हैं। उन्होंने 10-11 मई की रात को अपने एक तीसरे साथी के साथ मिलकर सराय रोहिल्ला इलाके से यह स्कूटी चुराई थी और उसी दिन करोल बाग इलाके में भी एक मोबाइल छीना था। पुलिस ने बताया कि छीने गए दोनों मोबाइल उनके तीसरे फरार साथी के पास हैं, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों को कानून के मुताबिक कोर्ट और जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More