पीएम के आह्वान पर मेट्रो से कार्यालय पहुंचे एनडीएमसी अध्यक्ष, बैठकों के लिए अपनाया डिजिटल माध्यम

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के सबसे वीआईपी और महत्वपूर्ण इलाके की देखरेख करने वाली नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष ने सादगी और पर्यावरण संरक्षण की एक अनूठी मिसाल पेश की है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन की बचत और वित्तीय मितव्ययिता अपनाने के राष्ट्रीय आह्वान से प्रेरित होकर एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा मंगलवार को सरकारी लश्कर और वीआईपी गाड़ियों को छोड़कर आम नागरिकों की तरह दिल्ली मेट्रो में सफर कर अपने कार्यालय पहुंचे। उनके इस कदम की हर तरफ सराहना हो रही है। इसी के साथ परिषद ने राजधानी को प्रदूषण मुक्त बनाने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े फैसलों की घोषणा की है।

एनडीएमसी अध्यक्ष ने मंगलवार सुबह अपने वरिष्ठ सहयोगियों और अधिकारियों के साथ लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा की। मेट्रो से उतरने के बाद वे पालिका केंद्र स्थित अपने कार्यालय तक पहुंचने के लिए किसी सरकारी लग्जरी गाड़ी में नहीं बैठे, बल्कि उन्होंने पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक ऑटो का उपयोग किया। कार्यालय पहुंचने के बाद भी उन्होंने अपनी इस मुहिम को जारी रखा। उन्होंने मुख्यालय के बाहर तैनात अधिकारियों की अनावश्यक यात्रा को रोकने और ईंधन की बचत करने के लिए साप्ताहिक वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक को वर्चुअल यानी डिजिटल माध्यम से आयोजित किया, जिससे संसाधनों की बड़ी बचत हुई।

इस मौके पर एनडीएमसी अध्यक्ष ने दिल्ली को स्वच्छ और हरित बनाने के उद्देश्य से वाहन चालकों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पर्यावरण अनुकूल ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए नई दिल्ली क्षेत्र के सभी अधिसूचित पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क में पचास प्रतिशत की विशेष छूट देने का निर्णय लिया गया है। यह नई व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिसके तहत अब इलेक्ट्रिक वाहनों को पेट्रोल और डीजल गाड़ियों की तुलना में आधा पार्किंग शुल्क ही देना होगा। अधिकारियों का मानना है कि इस फैसले से लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को खरीदने और अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

कर्मचारियों और फील्ड स्टाफ की सुविधा के लिए भी परिषद ने बड़े कदम उठाए हैं। पालिका केंद्र और उसके आसपास के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों जैसे पटेल चौक, राजीव चौक और जनपथ के बीच कर्मचारियों के आवागमन के लिए इलेक्ट्रिक ऑटो सेवा शुरू की गई है। इसके साथ ही रोहिणी, साकेत, सरोजिनी नगर, चाणक्यपुरी और मंदिर मार्ग जैसे प्रमुख एनडीएमसी आवासीय परिसरों से कर्मचारियों को लाने और ले जाने के लिए विशेष बस शटल सेवा प्रारंभ की गई है। फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी लास्ट माइल कनेक्टिविटी के तहत इलेक्ट्रिक स्कूटर की सुविधा दी गई है ताकि सरकारी काम भी समय पर हो और पर्यावरण को भी नुकसान न पहुंचे।

अध्यक्ष श्री केशव चंद्रा ने इस पूरी मुहिम पर बात करते हुए राजधानी के सभी नागरिकों और कर्मचारियों से अपने दैनिक जीवन में ग्रीन मोबिलिटी के विकल्पों को अपनाने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि पैदल चलना, साइकिल का उपयोग करना, कारपूलिंग करना और सार्वजनिक या इलेक्ट्रिक वाहनों से सफर करना न केवल वायु प्रदूषण को कम करेगा, बल्कि इससे लोगों के स्वास्थ्य में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमें आने वाली पीढ़ी के लिए एक स्वस्थ वातावरण और कम कार्बन उत्सर्जन वाला शहर छोड़ना होगा। एनडीएमसी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और ऊर्जा संरक्षण के प्रति हमेशा अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More