विकास नगर में चल रहे जुआ रैकेट का भंडाफोड़, 4 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार, नकदी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के आउटर जिले की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गररी सेल ने अवैध जुआ माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने रणहोला थाना इलाके के विकास नगर में चल रहे एक अवैध जुआ रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 4 जुआड़ियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिलाष (30 वर्ष) निवासी तिलक नगर, नीतीश (36 वर्ष) निवासी रणहोला, प्रीतम (52 वर्ष) निवासी रणहोला और राजू (41 वर्ष) निवासी रणहोला, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मौके से जुए के दांव पर लगी ₹14,510 की नकदी और जुए से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ रणहोला थाने में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में आपराधिक और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में 13 मई को एंटी स्नैचिंग एंड बर्गररी सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर रितेश राज के नेतृत्व में एक टीम, जिसमें सब-ईस्पेक्टर देवेंद्र, एएसआई विनोद और कांस्टेबल देवेंद्र शामिल थे, रणहोला थाना इलाके में गश्त कर रही थी। यह पूरी कार्रवाई एसीपी (ऑपरेशंस) वीरेंद्र दलाल के कुशल पर्यवेक्षण में की जा रही थी।

गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि विकास नगर में कृष्णा स्वीट्स के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि यदि तुरंत छापेमारी की जाए, तो जुआ खेल रहे लोगों को रंगे हाथों पकड़ा जा सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बिना कोई वक्त गंवाए बताए गए स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

पुलिस टीम को अचानक सामने देख वहां जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन अलर्ट पुलिस स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और भाग रहे चारों आरोपियों, अभिलाष, नीतीश, प्रीतम और राजू को धर दबोचा। पुलिस ने जब मौके की तलाशी ली, तो आरोपियों के कब्जे से जुए के दांव पर लगी ₹14,510 की नकदी और जुए के खेल में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई, जिसे कानून के मुताबिक जब्त कर लिया गया।

इस संबंध में रणहोला थाने में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 12/9/55 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इस इलाके में कब से इस अवैध धंधे को चला रहे थे और उनके इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More