कागज़ की गड्डी दिखाकर घरेलू सहायिका से सोने के झुमके ठगने वाले दो शातिर गिरफ्तार

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली की विकासपुरी थाना पुलिस ने भोली-भाली महिलाओं और घरेलू सहायिकाओं को अपना निशाना बनाकर ठगी करने वाले एक बेहद शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से पीड़िता से ठगे गए सोने के झुमके शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25 वर्ष), निवासी रघुबीर नगर, ख्याला और प्रकाश उर्फ शंकर उर्फ कालिया (40 वर्ष), निवासी मुंडका, दिल्ली के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि विकासपुरी थाने में एक महिला ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह कोठियों में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है। 4 मई की दोपहर करीब बारह बजे जब वह विकासपुरी के सी-ब्लॉक से डी-ब्लॉक की तरफ लौट रही थी, तभी डी-ब्लॉक मुख्य गेट के पास दो पुरुषों और एक महिला ने उसे रोका। आरोपियों ने उसे बातों में उलझाया और कहा कि उन्हें नोटों से भरा एक बैग मिला है, जिसे वे आपस में बांटना चाहते हैं।

आरोपियों ने पीड़िता को एक पॉलिथीन बैग दिखाया, जिसमें ऊपर से नोटों जैसी गड्डियां दिख रही थीं। उन्होंने महिला को झांसा दिया कि वे इस रकम में से उसे भी हिस्सा देंगे। इसके बाद आरोपी उसे रिलायंस मॉल और फिर आर्य समाज मंदिर की तरफ ले गए, जहां उन्होंने सुरक्षा के तौर पर महिला से उसके सोने के झुमके मांग लिए और कहा कि पैसे बांटने के बाद झुमके वापस कर देंगे। महिला उनकी बातों में आ गई और अपने झुमके सौंप दिए। आरोपी गहने लेकर रफूचक्कर हो गए। बाद में जब पीड़िता ने पॉलिथीन बैग खोलकर देखा, तो उसमें कैश की जगह रद्दी कागज़ के बंडल भरे हुए थे। इस संबंध में विकासपुरी थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी तिलक नगर डॉ. गरिमा तिवारी के मार्गदर्शन और विकासपुरी थाना प्रभारी घनश्याम किशोर के नेतृत्व में एसआई श्रीओम, सुमित और कांस्टेबल अंकित की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने डिजिटल सर्विलांस, स्थानीय खुफिया तंत्र और तकनीकी विश्लेषण की मदद से जांच शुरू की। टीम ने आरोपियों के रूट का पता लगाने के लिए इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। अंततः पुलिस ने दोनों आरोपियों को ढूंढ निकाला और उन्हें सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

पकड़ा गया आरोपी विशाल पहली बार किसी अपराध में शामिल पाया गया है, जबकि उसका दूसरा साथी प्रकाश उर्फ शंकर उर्फ कालिया एक पुराना और आदतन अपराधी है, जो पहले भी चोरी और ठगी के तीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने इनके पास से ठगे गए सोने के झुमके बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस इस वारदात में शामिल उनकी तीसरी महिला साथी की तलाश में जुटी है, जिसके लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More