जानबूझकर टक्कर मारकर मोबाइल छीनने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 4 वाहन और 3 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली दक्षिण जिला की अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय वाहन चोरों और मोबाइल स्नैचर्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहगीरों का ध्यान भटकाकर वारदात करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के चार दोपहिया वाहन और झपटमारी किए गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद उर्फ साहिल (23 वर्ष), निवासी तिगड़ी और सुमित (23 वर्ष), निवासी दक्षिणपुरी के रूप में हुई है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 11 मई को हरियाणा के फरीदाबाद निवासी मोहम्मद अफरोज ने एक वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि जब वह देवली मोड़ के पास से गुजर रहे थे, तभी एक स्कूटी पर सवार दो लड़कों ने जानबूझकर उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इसके बाद जब तक वह कुछ समझ पाते, आरोपी उनका मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे। पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और मौके पर ही एक आरोपी शाहिद उर्फ साहिल को वारदात में इस्तेमाल स्कूटी के साथ दबोच लिया। इस संबंध में अंबेडकर नगर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी सीआर पार्क के मार्गदर्शन और अंबेडकर नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर नीरज कुमार, इंस्पेक्टर मुनीश कुमार, एएसआई जितेंद्र और हेड कांस्टेबल वसीम सहित एक विशेष टीम का गठन किया गया। हिरासत में लिए गए आरोपी शाहिद से गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण की मदद से उसके फरार साथी सुमित को भी सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चुराते थे। इसके बाद वे सड़कों पर जा रहे लोगों को निशाना बनाते थे और जानबूझकर उनकी गाड़ियों में अपनी गाड़ी से टक्कर मार देते थे। दुर्घटना के कारण जब पीड़ित का ध्यान भटक जाता था, तो वे बड़ी तेजी से उसका मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान छीनकर फरार हो जाते थे।

इस गिरोह की गिरफ्तारी से अंबेडकर नगर थाने में दर्ज वाहन चोरी और झपटमारी के कुल पांच मामलों को सुलझा लिया गया है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वे हाल के दिनों में काफी सक्रिय हो गए थे। पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे चोरी किए गए इन वाहनों और मोबाइल फोन को आगे किसे बेचने वाले थे। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More