अलीपुर सड़क हादसे में मासूम बच्ची और चालक समेत तीन की मौत, पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे के जिम्मेदार वाहन को जब्त कर उसके चालक अनिल (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है। हादसे में ऑटो चालक राजू शर्मा, एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची और एक अज्ञात यात्री की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मुकेश और उनके परिवार का एलएनजेपी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में नई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

घटना बुधवार सुबह करीब 07:32 बजे की है। जाँच में पता चला कि मूल रूप से बलिया (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले मुकेश, जो पेशे से फल विक्रेता हैं, अपनी पत्नी पिंकी और दो छोटे बच्चों के साथ पैतृक गांव से दिल्ली लौटे थे। उन्होंने आईएसबीटी से अपने घर टिकरी गांव जाने के लिए ऑटो लिया था। रास्ते में ऑटो चालक ने दो अन्य सवारियों को भी बैठा लिया। जैसे ही ऑटो अलीपुर के शिव मंदिर के पास पहुंचा, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर बिखर गए।

हादसे की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया। वहाँ डॉक्टरों ने ऑटो चालक राजू शर्मा, मुकेश की 9 वर्षीय बेटी और एक अन्य अज्ञात यात्री को मृत घोषित कर दिया। मुकेश, उनकी पत्नी और 6 वर्षीय बेटे सहित एक अन्य यात्री छोटू पंडित को गंभीर हालत में एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मामला दर्ज कर फरार वाहन की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं।

पुलिस की टीमों ने राजमार्ग पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और कड़ाई से की गई छानबीन के बाद ‘ऑफेंडिंग व्हीकल’ की पहचान कर ली गई। पुलिस ने पीछा कर वाहन को कब्जे में लिया और उसके चालक अनिल को धर दबोचा। अलीपुर थाना पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(A) और 106(1) के अंतर्गत केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है ताकि हादसे के समय वाहन की गति और अन्य परिस्थितियों का सटीक विवरण मिल सके। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More