बेटे को ₹17.75 लाख कैश थमाया और खुद तोड़ दिया कार का शीशा, शातिर ड्राइवर की चालाकी नहीं आई काम, बवाना पुलिस ने सुलझाई लूट की फर्जी गुत्थी

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी उत्तर जिला के बवाना थाना पुलिस ने पेशेवर दक्षता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए ₹17.75 लाख की कथित लूट के मामले को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि लूट की यह पूरी वारदात फर्जी थी और इसे पीड़ित बनकर शिकायत करने वाले ड्राइवर ने ही अपने बेटे के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से लूटी गई ₹17.75 लाख की पूरी नकदी बरामद कर ली है।

बाहरी उत्तर जिला के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 11 मई को बवाना थाने में लूट की एक सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ड्राइवर नरेश ने पुलिस को बताया कि वह अपने मालिक का करीब ₹18 लाख कैश लेकर अपनी इनोवा कार से जा रहा था। सेक्टर-2 गोल चक्कर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने कार का शीशा पत्थर से तोड़ दिया और पैसों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी जोगिंदर सिंह के मार्गदर्शन और कार्यवाहक एसएचओ गौरव सिंह के नेतृत्व में एसआई विष्णु, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, पंकज और कांस्टेबल मनोज की एक विशेष टीम गठित की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच में पुलिस ने पाया कि जिस जगह लूट की बात कही जा रही थी, वहां से कुछ दूरी पहले ड्राइवर ने बिना किसी कारण के गाड़ी की रफ्तार कम की थी, जबकि पीछे कोई भी संदिग्ध बाइक नजर नहीं आ रही थी। ड्राइवर नरेश के बयानों में लगातार विरोधाभास और उसके मोबाइल की तकनीकी जांच से पता चला कि घटना से ठीक पहले उसने अपने बेटे भारत से बात की थी। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो नरेश टूट गया और उसने सारा सच उगल दिया।

आरोपी नरेश ने कबूल किया कि वह अपने मालिक से किसी बात को लेकर रंजिश रखता था और पैसा हड़पने की नीयत से उसने यह साजिश रची। उसने अपने बेटे भारत को ‘छोटा गोल चक्कर’ के पास बुलाया और पैसों से भरा बैग उसे सौंप दिया। इसके बाद उसने खुद ही अपनी कार का शीशा तोड़कर लूट का नाटक रचा और पुलिस को झूठी सूचना दी। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी के बेटे भारत का पीछा किया और उसे सदर बाजार के पास से धर दबोचा, जहाँ वह चोरी की रकम के साथ छिपा हुआ था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश (52 वर्ष) और उसके बेटे भारत (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बुद्ध विहार फेज-2 के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से ₹17.75 लाख नकद और अपराध में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बवाना पुलिस की इस तत्परता और सटीक जांच ने न केवल एक गंभीर मामले का पर्दाफाश किया, बल्कि मालिक की मेहनत की कमाई को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More