चाणक्य प्लेस में नशे के सौदागर पर स्पेशल स्टाफ का प्रहार, स्मैक और ड्रग मनी के साथ तस्कर को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने अपने नए अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम !!” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने डाबड़ी इलाके में छापेमारी कर एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान गोलू पासवान (22 वर्ष), निवासी जेजे कॉलोनी, बिंदापुर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 14.89 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और नशे की बिक्री से कमाए गए 17,930 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने डाबड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर ड्रग्स की सप्लाई चेन को खंगालना शुरू कर दिया है।

द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि नशे और अवैध शराब के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए जिले में एक विशेष युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई करतार, विजय सिंह, हेड कांस्टेबल जगत सिंह, प्रदीप, जगदीश और कांस्टेबल हेमराज की एक समर्पित टीम गठित की गई थी। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चाणक्य प्लेस इलाके में एक व्यक्ति स्मैक की सप्लाई करने आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चाणक्य प्लेस, डाबड़ी में जाल बिछाया और मुखबिर के बताए अनुसार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्रतिबंधित स्मैक और नकदी बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को कानून के अनुसार जब्त कर लिया गया और आरोपी के खिलाफ थाना डाबड़ी में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस मामले के मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है।

पूछताछ के दौरान आरोपी गोलू पासवान ने खुलासा किया कि वह चाणक्य प्लेस में रेहड़ी लगाता था। इसी दौरान वह समरजीत नामक व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने उसे कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लिए स्मैक की तस्करी करने का लालच दिया। अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वह समरजीत के बताए अनुसार नशीले पदार्थों की सप्लाई करने लगा। आरोपी केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और किराए के मकान में रहता है। पुलिस अब समरजीत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More