चोरी के मामलों में ट्रायल से बच रहे भगोड़े को वजीरपुर से दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की हौज काजी थाना पुलिस ने घोषित अपराधियों और तड़ीपार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 69 आपराधिक मामलों में संलिप्त एक शातिर और घोषित अपराधी बबलू उर्फ नरेंद्र उर्फ प्रेम (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से न्यायिक कार्यवाही से बच रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसीपी कमला मार्केट के पर्यवेक्षण और हौज काजी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल संजय नैन, संदीप और कांस्टेबल कुशल शामिल थे। टीम ने आरोपी बबलू उर्फ नरेंद्र के ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह फरार पाया गया। इसके बाद टीम ने तकनीकी निगरानी और अपने स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया।

7 मई को पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि आरोपी वजीरपुर इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही हौज काजी पुलिस की टीम ने वजीरपुर स्थित जेजे कॉलोनी में छापेमारी की और घेराबंदी कर आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया। रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि आरोपी को इसी वर्ष 2 अप्रैल को तीस हजारी कोर्ट द्वारा चोरी के एक मामले में ‘घोषित अपराधी’ करार दिया गया था।

गिरफ्तार आरोपी बबलू उर्फ नरेंद्र पहाड़गंज के मुल्तानी ढांडा का रहने वाला है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड का विश्लेषण करने पर पुलिस भी हैरान रह गई, आरोपी पर दिल्ली के विभिन्न थानों जैसे कनॉट प्लेस, बाराखंभा रोड, पहाड़गंज, साकेत, गोकुलपुरी और रेलवे स्टेशनों पर चोरी, झपटमारी, लूट और आर्म्स एक्ट के कुल 69 मामले दर्ज हैं। वह पिछले करीब तीन दशकों से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सजा से बचने के लिए जानबूझकर कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। इस गिरफ्तारी से चोरी और झपटमारी के कई पुराने मामलों में ट्रायल को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है और पुलिस उसके अन्य संभावित अपराधों की भी पड़ताल कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More