बस से उतरते समय हुई थी वारदात, पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस सुल्तानपुरी से पकड़ा आरोपी, सोने का लॉकेट बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस की टीम ने स्नैचिंग की एक वारदात को महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया सोने का लॉकेट भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे सुल्तानपुरी इलाके से धर दबोचा। इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने इलाके में सक्रिय स्नैचरों के हौसले पस्त कर दिए हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 3 मई को पश्चिम विहार ईस्ट थाने में स्नैचिंग की एक सूचना प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह आउटर रिंग रोड पर मैकडॉनल्ड्स बस स्टॉप के पास बस से उतर रहा था, तभी जनकपुरी की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने का लॉकेट छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस गंभीर शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी राजबीर लांबा के पर्यवेक्षण और एसएचओ अनिल यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल मंगल और हेड कांस्टेबल एसआर मीणा को शामिल किया गया। टीम ने सबसे पहले घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। घंटों की मेहनत और फुटेज के बारीकी से विश्लेषण के बाद पुलिस संदिग्धों के भागने के रास्ते को ट्रैक करने में सफल रही।

तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम को सूचना मिली कि वारदात में शामिल संदिग्ध सुल्तानपुरी इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सुल्तानपुरी में बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की और एक आरोपी को पकड़ लिया, जो कानून के उल्लंघन में शामिल किशोर पाया गया। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर छीना गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बरामद लॉकेट को कब्जे में ले लिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीसीपी ने बताया कि इस वारदात में शामिल आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी अभी भी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पकड़े गए आरोपी ने इससे पहले और कितनी स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More