पुलिस को देख भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी, मंगोलपुरी थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कब्जे से देसी कट्टा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के मंगोलपुरी थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने इलाके में गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर और आदतन अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस की गिरफ्त में आए इस आरोपी की पहचान आर्यन के रूप में हुई है, जिसकी उम्र मात्र 19 वर्ष है और वह मंगोलपुरी क्षेत्र का ही निवासी है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को दबोचा है जो पहले भी हत्या के प्रयास और चोरी जैसे 4 अन्य संगीन आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने मामले की बताया कि जिले में अपराधों पर लगाम लगाने और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। इसी कड़ी में 5 मई को मंगोलपुरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राम स्वरूप और कांस्टेबल अनूप की टीम ए-ब्लॉक, तेल मिल वाली गली के पास नियमित गश्त पर थी। गश्त के दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जिसने पुलिस को देखते ही घबराकर वहां से भागने का प्रयास किया।

युवक की संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए अलर्ट पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तेजी से पीछा किया और उसे घेराबंदी कर काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान आर्यन के रूप में बताई। जब पुलिस टीम ने उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या फिर अपनी धाक जमाने के उद्देश्य से इस अवैध हथियार को लेकर घूम रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि आर्यन एक आदतन अपराधी है और इतनी कम उम्र में ही वह पहले भी 4 अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बरामद देसी कट्टे को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में मंगोलपुरी थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

डीसीपी ने आगे बताया कि पुलिस अब इस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है ताकि अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोत का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह हथियार कहां से लाया था और क्या वह इलाके में किसी बड़ी गैंग या सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More